राजधानी का इतिहास: मुगल दौर में सत्ता जहां, वहीं राजधानी- कानून नहीं, बादशाह का फरमान था अंतिम आदेश
मुगल काल में राजधानी बदलना राजनीतिक निर्णय था, न कि कानूनी प्रक्रिया. आज जहां राजधानी बदलने के लिए विधानसभा, संसद और राष्ट्रपति की भूमिका होती है, वहीं मुगलों के समय बादशाह का फरमान ही अंतिम आदेश माना जाता था. इस लिहाज से कहा जा सकता है कि मुगल भी “नोटिफिकेशन” जारी करते थे, लेकिन वह फरमान के रूप में होता था. संविधान के तहत नहीं, ताज के आदेश से
Amaravati Andhra Pradesh Capital: भारत सरकार ने हाल ही में अमरावती को आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी घोषित करने के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी किया है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह फैसला कानूनी रूप से लागू हो गया है, आज जब राजधानी बदलने या घोषित करने की बात होती है, तो कानून, गजट नोटिफिकेशन और राष्ट्रपति की मंजूरी जैसे शब्द सामने आते हैं. लेकिन सवाल यह है कि मुगल काल में जब राजधानी बदली जाती थी, तो यह प्रक्रिया कैसी होती थी? क्या उस दौर में भी कोई “नोटिफिकेशन” जारी होता था? क्या उस दौर में भी कोई लिखित आदेश या नोटिफिकेशन जारी होता था? आइए जानते हैं मुगलों के उस दौर की कहानी, जब एक शहर से दूसरे शहर राजधानी ले जाना केवल सत्ता का परिवर्तन नहीं, बल्कि पूरे साम्राज्य का विस्थापन होता था.
अमरावती का नया दौर और संवैधानिक प्रक्रिया
आंध्र प्रदेश की राजधानी को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब थम गया है. भारत सरकार ने सोमवार को गजट नोटिफिकेशन जारी कर अमरावती को आधिकारिक और स्थायी राजधानी का दर्जा दे दिया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी मिलने के बाद यह संभव हुआ. यह नया कानून 2 जून 2024 से प्रभावी माना जाएगा. आज के लोकतंत्र में किसी शहर को राजधानी बनाना एक जटिल कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें संसद की मंजूरी और कानून मंत्रालय की अधिसूचना अनिवार्य होती है.
मुगलों के दौर में कैसे बदलती थी राजधानी?
मुगल काल में आज की तरह कोई लिखित संविधान या संसद नहीं थी. उस समय बादशाह की जुबान ही कानून मानी जाती थी. जब भी कोई मुगल सम्राट अपनी राजधानी बदलने का फैसला करता, तो वह दरबार में इसका औपचारिक ऐलान करता था. इसे शाही फरमान कहा जाता था. इस फरमान पर बादशाह की खास मुहर लगी होती थी और इसे दूतों के जरिए साम्राज्य के सभी सूबेदारों और महत्वपूर्ण अधिकारियों तक पहुंचाया जाता था. यही उस दौर का नोटिफिकेशन हुआ करता था.
आगरा से शुरुआत और रणनीतिक बदलाव
मुगल साम्राज्य की शुरुआती नींव बाबर ने 1526 में आगरा में रखी थी. आगरा को राजधानी बनाने के पीछे सबसे बड़ा कारण इसकी भौगोलिक स्थिति थी. यह उत्तर भारत के बिल्कुल केंद्र में था, जहां से पूरे इलाके पर नजर रखना आसान था. हुमायूं और अकबर के शुरुआती सालों में भी आगरा ही सत्ता का मुख्य केंद्र बना रहा, लेकिन मुगलों की यह फितरत थी कि वे अपनी जरूरतों और सैन्य अभियानों के हिसाब से अपने रहने की जगह और दरबार बदलते रहते थे.
फतेहपुर सीकरी कैसे बनी राजधानी?
1570 के दशक में अकबर ने एक क्रांतिकारी फैसला लिया. उसने आगरा की भीड़भाड़ से दूर सूफी संत शेख सलीम चिश्ती के सम्मान में एक बिल्कुल नया शहर बसाने की योजना बनाई, जिसे हम आज फतेहपुर सीकरी के नाम से जानते हैं. यह शहर स्थापत्य कला का बेजोड़ नमूना था. हालांकि, यहां राजधानी ज्यादा समय तक नहीं रह सकी. पानी की भारी किल्लत और रणनीतिक कारणों से अकबर को यह शानदार शहर छोड़ना पड़ा, जो आज भी मुगलों की अधूरी ख्वाइशों की गवाही देता है.
जब सीमा सुरक्षा के लिए लाहौर बनी राजधानी
अकबर के शासनकाल में उत्तर-पश्चिमी सीमाओं, खासकर अफगानिस्तान की तरफ से विद्रोह का खतरा बढ़ गया था. इन विद्रोहों को कुचलने और साम्राज्य की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए अकबर ने 1580 के दशक में अपनी राजधानी लाहौर स्थानांतरित कर दी. यह दिखाता है कि मुगलों के लिए राजधानी केवल ऐश-ओ-आराम की जगह नहीं, बल्कि युद्ध जीतने का एक मोर्चा भी थी. कई सालों तक लाहौर से ही पूरे भारत का शासन चलाया गया.
शाहजहांनाबाद का उदय और दिल्ली बनी राजधानी
मुगल इतिहास में राजधानी बदलने का सबसे बड़ा और भव्य उदाहरण शाहजहां के दौर में मिलता है. 1638 में शाहजहां ने फैसला किया कि वह आगरा से अपनी राजधानी दिल्ली ले जाएगा. इसके लिए उसने यमुना नदी के किनारे एक नियोजित शहर बसाया, जिसे शाहजहांनाबाद (पुरानी दिल्ली) नाम दिया गया. लाल किला और जामा मस्जिद इसी दौर की देन हैं. आगरा में बढ़ती आबादी और गर्मी से बचने के लिए शाहजहां ने दिल्ली को अपनी सत्ता का स्थायी ठिकाना बनाया, जो आज भी भारत की राजधानी है.
कैसे होता था राजधानी का विस्थापन?
मुगलों का राजधानी बदलना कोई रातों-रात होने वाली घटना नहीं थी. जब शाहजहां ने दिल्ली जाने का मन बनाया, तो पहले शहर का नक्शा तैयार हुआ और निर्माण कार्य शुरू कराया गया. जब राजधानी बदलती थी, तो सिर्फ बादशाह ही नहीं चलता था, बल्कि पूरा शाही खजाना, सरकारी दस्तावेज, सेना की टुकड़ियां और हजारों दरबारी भी साथ चलते थे. यह एक विशाल काफिले की तरह होता था जिसकी सूचना पहले ही शाही आदेशों द्वारा दे दी जाती थी ताकि रास्ते में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें.