'जिस्म नहीं दिया तो पद नहीं मिला', महिला नेत्री के पोस्ट ने खोली अंदरूनी राजनीति की पोल!

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में BJP की महिला नेत्री पूनम जायसवाल की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। पोस्ट में उन्होंने कथित तौर पर लिखा, 'जिस्म नहीं दिया तो पद नहीं मिला।' इस टिप्पणी के सामने आने के बाद पार्टी के भीतर महिलाओं की स्थिति और संगठन में पद दिए जाने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

 

UP Politics: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में भाजपा संगठन को लेकर एक महिला नेत्री की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है। पूनम जायसवाल के नाम से सामने आई फेसबुक पोस्ट में संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पद और जिम्मेदारी नहीं मिलने की नाराजगी जाहिर की गई है। पोस्ट में उन्होंने बेहद विवादित टिप्पणी करते हुए दावा किया कि पार्टी के लिए लंबे समय तक काम करने और तमाम कुर्बानियां देने के बावजूद उन्हें कोई पद नहीं मिला, क्योंकि उन्होंने अपना 'जिस्म नहीं दिया'।

भाजपा संगठन की कार्यशैली पर उठाए सवाल

पूनम जायसवाल के नाम से साझा की गई पोस्ट में भाजपा संगठन की तुलना कोठे से किए जाने का भी दावा किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में मेहनत और समर्पण के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। महिला मोर्चा में अपनी भूमिका और पद नहीं मिलने को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई है।

पार्टी के लिए मेहनत और खर्च का किया जिक्र

पोस्ट में महिला नेत्री ने दावा किया कि उन्होंने पार्टी के लिए दिन-रात काम किया। कई बार भूखे-प्यासे रहकर संगठन के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और अपनी जेब से पैसे भी खर्च किए। उन्होंने अपने पैरालाइज्ड शरीर का उल्लेख करते हुए कहा कि शारीरिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने पार्टी के लिए काम करना जारी रखा। इसके बाद भी उन्हें संगठन में कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई।

लखनऊ में उठाएंगी मामला

पूनम जायसवाल ने पोस्ट में संगठन के कुछ लोगों पर दबाव में आकर उन्हें जिम्मेदारी नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस पूरे मामले को लखनऊ में उठाने की बात भी कही है। साथ ही पोस्ट पर नकारात्मक टिप्पणी करने वालों को चेतावनी दी है।

महिला नेत्री की इस पोस्ट के बाद कुशीनगर के राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पोस्ट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और भाजपा संगठन की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।