सर्कुलर ट्रेन से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर! 5 दिन प्रभावित रहेगा रूट

Kolkata Circular Train Alert:गणेश पूजा और विश्वकर्मा पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए कोलकाता सर्कुलर ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है. रेलवे के अनुसार 5 दिनों तक कुछ सर्कुलर ट्रेनों का रूट बदला रहेगा.ऐसे में यात्रा से पहले यात्री ट्रेन का रूट और संचालन संबंधी अपडेट जरूर जांच लें.
 

Kolkata Circular Train Alert: पश्चिम बंगाल में गणेश और विश्वकर्मा पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए पूर्व रेलवे के सियालदह डिवीजन ने सर्कुलर रेलवे सेवाओं के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। पश्चिम बंगाल सरकार के विशेष अनुरोध पर रेलवे ने नया शेड्यूल जारी किया है।

रेलवे के अनुसार, 15 सितंबर 2026 से 19 सितंबर 2026 तक लगातार पांच दिनों के लिए कुछ सर्कुलर लोकल ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट, शॉर्ट-ओरिजिनेट और डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में इस अवधि में सर्कुलर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले बदले हुए रूट और संचालन की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए।

टाला स्टेशन पर कुछ ट्रेनों का बदलेगा संचालन

15 से 19 सितंबर के बीच तीन सर्कुलर लोकल ट्रेनें 30122, 30312 और 30314 अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं जाएंगी। इन ट्रेनों को टाला स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा।

वहीं, 30331, 30111 और 30123 नंबर की तीन ट्रेनें अपने निर्धारित शुरुआती स्टेशन के बजाय टाला स्टेशन से शॉर्ट-ओरिजिनेट होंगी। यानी इन ट्रेनों की यात्रा टाला स्टेशन से शुरू होगी।

बालीगंज स्टेशन पर भी बदलाव

रेलवे ने बालीगंज रूट पर भी कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। ट्रेन नंबर 30711 को बालीगंज स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा।

वहीं ट्रेन नंबर 30317 बालीगंज जंक्शन से शॉर्ट-ओरिजिनेट होगी। यह ट्रेन बालीगंज-कांकुड़गाछी रोड होकर संचालित की जाएगी।

माझेरहाट से जुड़ी ट्रेनों में भी बदलाव

माझेरहाट स्टेशन से संबंधित ट्रेनों के संचालन में भी अस्थायी परिवर्तन किया गया है। ट्रेन नंबर 30416 को माझेरहाट स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा।

इसके अलावा ट्रेन नंबर 30451 माझेरहाट स्टेशन से शॉर्ट-ओरिजिनेट होकर अपनी यात्रा शुरू करेगी।

ट्रेन नंबर 30332 को कांकुड़गाछी रोड जंक्शन-बालीगंज रूट के जरिए माझेरहाट की ओर डायवर्ट किया गया है।

इन ट्रेनों को भी किया गया डायवर्ट

माझेरहाट से चलने वाली ट्रेन नंबर 30353, 30135 और 30313 को भी निर्धारित मार्ग के बजाय बालीगंज-कांकुड़गाछी रोड रूट से डायवर्ट करके चलाया जाएगा।

इस दौरान यात्रियों को अपने नियमित रूट के बजाय बदले हुए मार्ग के अनुसार यात्रा की योजना बनानी होगी।

क्यों किया गया ट्रेनों के संचालन में बदलाव?

गणेश और विश्वकर्मा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। घाटों के आसपास भीड़, सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सर्कुलर रेलवे सेवाओं में यह अस्थायी बदलाव किया गया है।

रेलवे का उद्देश्य इस अवधि में यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ विसर्जन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

15 से 19 सितंबर के बीच सर्कुलर ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रेन का रूट, शॉर्ट-टर्मिनेशन, शॉर्ट-ओरिजिनेशन और डायवर्जन जरूर जांच लेना चाहिए।

यात्री ट्रेन संचालन से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए NTES और स्टेशन पर होने वाली आधिकारिक घोषणाओं पर ध्यान दें। इससे बदले हुए रूट के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।