गर्मी और मौसम को देखते हुए यूपी के इस जिले में फिर बदली स्कूलों की टाइमिंग, BSA ने जारी किया ताजा आदेश

Uttar Pradesh: जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल अब सोमवार, 6 जुलाई 2026 से अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगे. भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए स्कूलों के समय में किया गया अस्थायी बदलाव वापस ले लिया गया है.
 

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर (नोएडा-ग्रेटर नोएडा) के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है. बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने इस संबंध में नया आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार बदली हुई समय-सारिणी तत्काल प्रभाव से लागू होगी. गर्मी और मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूलों को नए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है. जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल अब सोमवार, 6 जुलाई 2026 से अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगे. भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए स्कूलों के समय में किया गया अस्थायी बदलाव वापस ले लिया गया है. इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल पंवार ने शनिवार को नया आदेश जारी किया.

गर्मी के कारण बदली गई थी स्कूलों की टाइमिंग

जनपद में पिछले दिनों तेज गर्मी और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया था. जिलाधिकारी की अनुमति के बाद 29 जून 2026 से कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया था, ताकि छात्रों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके.

 

अब पुराने समय पर चलेंगे सभी स्कूल

शनिवार को जारी आदेश के अनुसार, मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्कूलों की पहले वाली टाइमिंग दोबारा लागू कर दी गई है. अब जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा और अन्य शिक्षा बोर्डों से संबद्ध विद्यालय सोमवार से ग्रीष्मकालीन निर्धारित समय के अनुसार पूर्ण अवधि तक संचालित होंगे.

बीएसए राहुल पंवार ने निर्देश दिया है कि जिले के सभी विद्यालय नए आदेश का सख्ती से पालन करें. किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. आदेश की प्रति जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है. बता दें कि मौसम में आए बदलाव और गर्मी के असर में कमी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों की सामान्य समय-सारिणी बहाल करने का फैसला लिया है, जिससे अब छात्र सोमवार से नियमित समय पर स्कूल पहुंचेंगे.