केन्या में गूंजेगा भारत का इतिहास और संस्कृति, नैरोबी के KSG में ‘इंडिया कॉर्नर’ का उद्घाटन
Nairobi: भारत और केन्या के बीच बढ़ते संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। नैरोबी स्थित Kenya School of Government (KSG) की लाइब्रेरी में ‘इंडिया कॉर्नर’ का उद्घाटन किया गया। इसका उद्देश्य केन्या के सिविल सेवकों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं को भारत के इतिहास, संस्कृति, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति और विकास यात्रा से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है।
भारत के उच्चायुक्त ने इंडिया कॉर्नर का उद्घाटन किया। यहां भारत के उच्चायोग की ओर से बड़ी संख्या में पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें भारत की ऐतिहासिक विरासत से लेकर आर्थिक विकास और विदेश नीति तक विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है।
KSG के वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन कार्यक्रम में KSG काउंसिल के चेयरपर्सन जस्टिस (रिटायर्ड) चार्ल्स न्याचाे, डायरेक्टर जनरल प्रो. नूरा मोहम्मद सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भारत के उच्चायुक्त ने KSG परिसर में थिका पाम का पौधा भी लगाया, जो दोनों देशों के बीच सहयोग और मित्रता के प्रतीक के तौर पर देखा गया।
भारत-केन्या साझेदारी को समझने में मिलेगी मदद
‘इंडिया कॉर्नर’ के जरिए केन्या के सरकारी अधिकारियों और शोधकर्ताओं को भारत के बारे में अध्ययन करने के लिए एक समर्पित संसाधन उपलब्ध होगा। यहां मौजूद पुस्तकों और सामग्री के माध्यम से वे भारत की संस्कृति, विकास मॉडल, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति और बदलते वैश्विक स्वरूप को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
यह पहल ऐसे समय में हुई है जब भारत और केन्या के बीच द्विपक्षीय सहयोग लगातार विस्तार ले रहा है। इंडिया कॉर्नर दोनों देशों के बीच ज्ञान, शिक्षा और प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।