UP में JDU का मिशन 2027 शुरू, 25 अक्टूबर को बनारस से निशांत कुमार करेंगे चुनावी शंखनाद; 60 सीटों पर तैयारी
UP news: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी तैयारियां तेज करने के संकेत दिए हैं। पार्टी की योजना यूपी में करीब 60 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी करने की है। इसी क्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार 25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम के जरिए यूपी में चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी है।
पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक वाराणसी में होने वाले कार्यक्रम में JDU के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। इस दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए तैयार करने और संगठन को मजबूत करने पर फोकस रहेगा। JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई गई है।
बनारस से शुरू होगा यूपी में चुनावी अभियान
25 अक्टूबर का वाराणसी कार्यक्रम निशांत कुमार का बिहार से बाहर संभावित पहला राजनीतिक कार्यक्रम बताया जा रहा है। पार्टी की ओर से इसे यूपी में संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
JDU का खास फोकस पूर्वांचल की सीटों पर बताया जा रहा है। पार्टी उन विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में है, जहां कुर्मी और कुशवाहा मतदाताओं की संख्या अधिक है।
60 सीटों पर तैयारी, गठबंधन पर फैसला नेतृत्व करेगा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। JDU करीब 60 सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है। हालांकि, 2027 के चुनाव में पार्टी भाजपा के साथ NDA के घटक के तौर पर चुनाव लड़ेगी या अलग रणनीति अपनाएगी, इस पर अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
JDU के यूपी अध्यक्ष अनूप पटेल के मुताबिक गठबंधन के संबंध में निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उनका कहना है कि संगठन किसी भी परिस्थिति में चुनाव के लिए तैयार है।
2022 में 27 सीटों पर उतरे थे उम्मीदवार
JDU ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी अपने दम पर चुनाव लड़ा था। पार्टी ने 27 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन किसी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी।
पार्टी के उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के मुताबिक 27 में से 26 सीटों पर JDU उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी और पार्टी का कुल वोट शेयर करीब 0.11 प्रतिशत रहा था।
2022 में BJP से नहीं बन पाई थी सीटों पर सहमति
2022 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले JDU और भाजपा के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी। उस समय तत्कालीन केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
हालांकि, उत्तर प्रदेश में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद JDU ने अकेले चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर JDU ने यूपी में संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी शुरू की है। वाराणसी का 25 अक्टूबर का कार्यक्रम इसी क्रम में पार्टी के लिए शुरुआती बड़े कार्यक्रमों में शामिल होगा।