भगौड़े मनीष सिसोदिया जैसे पड़पड़गंज से भाग गए, वैसे ही आतिशी और केजरीवाल भी अपने विधानसभा क्षेत्र से भागेंगे : वीरेन्द्र सचदेवा

 
Just like fugitive Manish Sisodia fled from Padpadganj, Atishi and Kejriwal will also run away from their assembly constituencies: Virendra Sachdeva

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा का नारा "अब नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे" आज हकीकत में बदलता दिख रहा है। मनीष सिसोदिया और राखी बिडलान जैसे नेताओं को सीट बदलनी पड़ी है, जो दर्शाता है कि उनकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से जारी 20 उम्मीदवारों की सूची में सभी 20 वर्तमान विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मनीष सिसोदिया, जो शिक्षा मॉडल का चेहरा थे, का सीट बदलना साफ दिखाता है कि AAP का शिक्षा मॉडल फ्लॉप साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता अब अपनी सीटों से "भागने" को मजबूर हैं, और यह जनता के गुस्से का नतीजा है। उन्होंने कहा कि "अब नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे" केवल भाजपा का नारा नहीं है, बल्कि दिल्ली की जनता का संकल्प बन चुका है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अरविंद केजरीवाल और आतिशी भी जल्द ही अपनी सीट छोड़ने पर मजबूर होंगे। परिवारवाद पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने विधायकों के बेटों को टिकट देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जन्मी पार्टी आज भ्रष्टाचार पर खत्म हो रही है।

वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल हाल ही में विधायक शोएब इकबाल के घर गए थे, ताकि "सेफ सीट" की मांग कर सकें।

हर्ष मल्होत्रा ने AAP की जारी सूची को "डूबते जहाज" का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया, जो 12 सालों से अपनी सीट पर चुनाव लड़ते आ रहे थे, आज उस सीट से भागने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP पिछले 5 सालों में जनता के लिए कुछ भी नहीं कर पाई है।

मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली की जनता अब कह रही है: "अब नहीं सहेंगे, गंदा पानी नहीं पियेंगे।" उन्होंने यमुना प्रदूषण, सीवर की समस्या और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दिल्ली की जनता 10 सालों का हिसाब मांग रही है, लेकिन अरविंद केजरीवाल अभी तक चुप्पी साधे हुए हैं।

प्रेस वार्ता का संचालन भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया, जिसमें भाजपा नेता यासिर जिलानी भी मौजूद रहे।