यूपी में CM फेस को लेकर केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- ‘2027 में योगी जी के नेतृत्व में ही लड़ेंगे चुनाव’

 

UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला संगठन और पार्टी नेतृत्व करता है। फिलहाल प्रदेश में नेतृत्व का जो चेहरा है, वही आगे भी रहेगा और 2027 का विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनके और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच किसी तरह की दूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने दोनों नेताओं के बीच दीवार खड़ी करने की कोशिश जरूर की, लेकिन दोनों मिलकर सरकार और संगठन के लिए काम कर रहे हैं।

‘पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, पूरी निष्ठा से निभाऊंगा’

मुख्यमंत्री बनने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि नेतृत्व का फैसला संगठन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक नेतृत्व की ओर से कोई नया निर्णय नहीं होता, तब तक प्रदेश में जो चेहरा था और जो है, वही रहेगा। इसी नेतृत्व में 2027 का चुनाव लड़ा जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले एक इंटरव्यू में केशव प्रसाद मौर्य यह स्वीकार कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री बनने की उनकी भी महत्वाकांक्षा है। हालांकि, उन्होंने साथ ही कहा था कि केवल किसी व्यक्ति की इच्छा से मुख्यमंत्री तय नहीं होता। यह निर्णय पार्टी नेतृत्व और विधायक दल के स्तर पर होता है।

‘मैं 403 सीटों का प्रत्याशी हूं’

2027 में खुद के चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह चुनाव जरूर लड़ेंगे। सीट के बारे में उन्होंने कहा कि संगठन जहां से तय करेगा, वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि फिलहाल वह खुद को 403 सीटों का प्रत्याशी मानते हैं। इस बयान के जरिए उन्होंने संकेत दिया कि उनका फोकस किसी एक विधानसभा सीट के बजाय पूरे प्रदेश में पार्टी संगठन और चुनावी रणनीति पर है।

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का सत्ता में लौटना उत्तर प्रदेश में तबाही को न्योता देने जैसा होगा।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। केशव मौर्य के मुताबिक पार्टी 2017 और 2022 में भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में आई थी और अब अगला लक्ष्य 2027 में भी इसी प्रदर्शन को दोहराना है।

प्रयागराज में कार्यकर्ताओं को दिया 2027 का टारगेट

प्रयागराज सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं और महानगर के सभी 15 मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं और वह लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करते हुए विपक्ष के मंसूबों को सफल नहीं होने देना है।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा शुरू करने की जानकारी भी दी गई। डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की अपील की।

बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

केशव प्रसाद मौर्य के बयान ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा की मौजूदा रणनीति का संकेत जरूर दिया है। फिलहाल उन्होंने साफ कर दिया है कि नेतृत्व को लेकर अंतिम फैसला संगठन करेगा, जबकि 2027 का चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ने की बात उन्होंने स्पष्ट रूप से कही है।