Kolkata Durga Puja 2026: नई AC बसें, AC ट्राम और वाटर टैक्सी! पूजा में सफर होगा आसान...पूरा प्लान

Kolkata:  दुर्गापूजा 2026 को लेकर पश्चिम बंगाल परिवहन निगम ने खास तैयारी की है. ‘पूजा परिक्रमा 2026’ के तहत 17 से 21 अक्टूबर तक विशेष बस, AC बस, CNG बस, AC ट्राम और जलपथ सेवाएं चलाने की योजना है. पूजा से पहले सरकारी बस बेड़े में नई बसें शामिल की जाएंगी. परिवहन मंत्री ने यह भी कहा कि दुर्गापूजा से पहले बस किराया नहीं बढ़ाया जाएगा. श्रद्धालु पूजा परिक्रमा पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकेंगे.
 

Kolkata:  दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (WBTC) ने विशेष तैयारी की है। ‘पूजा परिक्रमा 2026’ की गाइडबुक का औपचारिक विमोचन किया गया है। विशेष पूजा परिक्रमा सेवाएं 17 से 21 अक्टूबर 2026, यानी महाषष्ठी से विजय दशमी तक चलाने की योजना है।

परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के अनुसार, पूजा के दौरान नियमित बसों के अलावा AC बस, CNG बस, AC ट्राम और जलपथ सेवाओं के जरिए प्रमुख पूजा पंडालों और विरासत स्थलों तक पहुंचने की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को कम करना और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।

पूजा से पहले सड़कों पर उतरेंगी नई बसें

परिवहन विभाग के अनुसार पूजा के दौरान सरकारी बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। करीब 90 नई बसें सरकारी बस बेड़े में शामिल करने की योजना है। इनमें CNG और बैटरी से चलने वाली बसें शामिल होंगी। इसके अलावा लगभग 100 नई AC बसों को पूजा से पहले सड़कों पर उतारने की बात भी मंत्री की ओर से कही गई है।

मंत्री के अनुसार, पूजा के दौरान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिन के साथ रात में भी बस सेवाएं जारी रखने की तैयारी है।

पूजा से पहले बस किराया बढ़ाने की योजना नहीं

दुर्गा पूजा से पहले बस किराये को लेकर भी यात्रियों के लिए राहत की बात कही गई है। परिवहन मंत्री ने कहा कि पूजा से पहले निजी बसों का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने निजी बस संचालकों के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए कहा कि किराया बढ़ाने से पहले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। किराये में बदलाव पर फैसला पूजा के बाद किए जाने की बात कही गई है।

AC ट्राम से करें पंडाल परिक्रमा

इस बार पूजा परिक्रमा में AC ट्राम को भी शामिल किया गया है। विशेष ट्राम सेवाओं के जरिए श्रद्धालुओं को कोलकाता के प्रमुख पूजा स्थलों तक ले जाने की योजना है।

उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार AC ट्राम के जरिए काशी बोस लेन, हाथीबागान सर्वजनिन, नलिनी सरकार स्ट्रीट, एकडालिया और सिंघी पार्क जैसे पूजा स्थलों को कवर किया जाएगा। एक पैकेज के लिए 5 वर्ष और उससे अधिक उम्र के यात्रियों का किराया 800 रुपये रखा गया है।

लंच और नाश्ते के साथ पूजा परिक्रमा पैकेज

WBTC की ओर से अलग-अलग पूजा परिक्रमा पैकेज तैयार किए गए हैं। इनमें कोलकाता की प्रसिद्ध बारोवारी पूजा के अलावा बनेदी बाड़ी की पूजा देखने की सुविधा भी शामिल है।

कुछ AC Volvo बस पैकेज में यात्रियों के लिए नाश्ता और दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी होगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार कुछ बनेदी बाड़ी और प्रमुख पूजा परिक्रमा पैकेज की शुरुआत एस्प्लेनेड से होगी।

लंच के बाद नहीं, जलपथ से भी होगी पूजा परिक्रमा

परिवहन विभाग इस बार जलमार्ग को भी पूजा परिक्रमा से जोड़ रहा है। यात्रियों को हुगली नदी के रास्ते पूजा स्थलों तक पहुंचने का विकल्प दिया जाएगा।

उपलब्ध कार्यक्रम में मिलेनियम पार्क से लॉन्च सेवा, हावड़ा जेटी और अहिरीटोला घाट जैसे स्थानों को जोड़ने वाली जलपथ परिक्रमा का उल्लेख है। जलपथ के बाद कुछ पैकेजों में AC बस के जरिए भी पूजा पंडालों तक ले जाने की व्यवस्था होगी।

मुंबई की तर्ज पर वाटर ट्रांसपोर्ट विकसित करने की तैयारी

परिवहन मंत्री ने कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में जलमार्ग को नियमित परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की योजना की भी जानकारी दी। विभाग मुंबई की तर्ज पर वाटर ट्रांसपोर्ट नेटवर्क विकसित करने की संभावनाओं पर काम कर रहा है।

इसके लिए कोलकाता और आसपास के इलाकों को जलमार्ग से जोड़ने को लेकर प्रारंभिक अध्ययन किए जाने की बात कही गई है। प्रस्तावित रूट में नवद्वीप-मेटियाबुर्ज, मेटियाबुर्ज-हावड़ा और हावड़ा-बैरकपुर जैसे कॉरिडोर का उल्लेख किया गया है।

विसर्जन के दिन भी जलपथ सेवा

विजय दशमी यानी 21 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भी जलपथ सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी है। परिवहन विभाग का कहना है कि पूजा के दौरान बस, ट्राम और जलमार्ग—तीनों माध्यमों को इस्तेमाल में लाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान करने की कोशिश की जाएगी।

ऑनलाइन होगी पूजा परिक्रमा की बुकिंग

श्रद्धालु अपनी पसंद के पूजा परिक्रमा पैकेज की बुकिंग WBTC के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के अलावा निर्धारित बस टर्मिनस और डिपो से कर सकेंगे। विभिन्न पैकेज के लिए अलग-अलग रूट, समय और किराया तय किया गया है।

परिवहन विभाग के मुताबिक, विशेष सेवाओं का दायरा उत्तर और दक्षिण कोलकाता के साथ-साथ हावड़ा, बारासात और आसपास के क्षेत्रों तक रहेगा।