कोलकाता बनेगा IT हब? LTM में 5800 इंजीनियरों की भर्ती, शुभेंदु बोले- ‘घर लौटें प्रवासी IT प्रोफेशनल्स’

Kolkata: पश्चिम बंगाल में रोजगार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. LTM कोलकाता में करीब 5,800 इंजीनियरों को रोजगार देने की तैयारी में है. इस मौके पर शुभेंदु अधिकारी ने देश-विदेश में काम कर रहे बंगाल के प्रवासी IT प्रोफेशनल्स से वापस लौटने की अपील की.
 

Kolkata: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे राज्य के कुशल और शिक्षित पेशेवरों से वापस पश्चिम बंगाल लौटने की अपील की है। यह अपील उन्होंने 22.24 लाख प्रवासी श्रमिकों को रोजगार गारंटी कार्ड देने के आश्वासन के एक दिन बाद की।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को न्यू टाउन में LTM के नए IT परिसर ‘आनंद निकेतन’ के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के युवाओं को भरोसा दिलाया कि पश्चिम बंगाल की ‘डबल इंजन सरकार’ राज्य में ही उन्हें वैश्विक स्तर के रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

‘बंगाल के युवाओं को बाहर जाने की जरूरत नहीं’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने देश-विदेश में कार्यरत बंगाल के कुशल और शिक्षित युवाओं से अपने राज्य लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में IT और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर तैयार हो रहे हैं और आने वाले समय में युवाओं को बेहतर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों या देशों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि राज्य में वैश्विक कंपनियों और तकनीकी संस्थानों के विस्तार से रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

न्यू टाउन में LTM के नए IT परिसर का उद्घाटन

शुभेंदु अधिकारी ने न्यू टाउन में LTM के IT परिसर ‘आनंद निकेतन’ के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस परियोजना को पश्चिम बंगाल में IT और तकनीकी क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में L&T के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रह्मण्यन भी मौजूद रहे। इस दौरान राज्य में तकनीकी क्षेत्र के विकास, निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

‘आनंद निकेतन’ कैंपस और सरकार की घोषणाएं

  • डेटा सेंटर के लिए 10 एकड़ अतिरिक्त जमीन : शुभेंदु अधिकारी ने लार्सन एंड टुब्रो (L&T) समूह की कंपनी एलटीएम को राज्य में डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए अतिरिक्त 10 एकड़ जमीन तुरंत उपलब्ध कराने की घोषणा की.
  • 5,800 इंजीनियरों की क्षमता : न्यू टाउन स्थित इस नये कैंपस के पहले चरण में करीब 8 लाख वर्ग फुट में फैली 2 इमारतें हैं, जहां लगभग 5,800 इंजीनियर और पेशेवर एक साथ काम कर सकेंगे.
  • उभरती तकनीकों पर फोकस : बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा, चिप डिजाइनिंग, ऑटोमेशन और डिजिटल विनिर्माण (Digital Manufacturing) जैसे क्षेत्रों में नये अवसर और निवेश लाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है.
  • उद्योग-शिक्षण संस्थान साझेदारी : युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक समूहों के बीच मजबूत साझेदारी बनाने और छोटे उद्यमियों (MSME) को आसान ऋण प्रदान करने पर जोर दिया.

22.24 लाख प्रवासी श्रमिकों को रोजगार गारंटी कार्ड का आश्वासन

शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने इससे एक दिन पहले राज्य से बाहर काम करने वाले 22.24 लाख प्रवासी श्रमिकों को रोजगार गारंटी कार्ड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। सरकार का उद्देश्य प्रवासी श्रमिकों को रोजगार से जुड़ी सुरक्षा और अवसर उपलब्ध कराना है।

अब कुशल और शिक्षित पेशेवरों से घर लौटने की अपील को भी राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने की सरकार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।