लगातार बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, लैंडस्लाइड के कारण सिलीगुड़ी-सिक्किम मार्ग पर यातायात ठप

West Bengal: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सिलीगुड़ी और सिक्किम के बीच संपर्क मार्ग NH-10 पर बड़ा भूस्खलन हो गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बंद हो गया है. सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है.
 

West Bengal: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सिलीगुड़ी और सिक्किम के बीच संपर्क मार्ग NH-10 पर बड़ा भूस्खलन हो गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बंद हो गया है. सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है.

प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से NH-10 पर यातायात रोक दिया है और यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। सीमा सड़क संगठन (BRO), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और स्थानीय प्रशासन की टीमें मलबा हटाने और सड़क बहाल करने के काम में जुटी हैं. भूस्खलन के चलते एक बार फिर सिलीगुड़ी और सिक्किम को जोड़ने वाली लाइफलाइन मानी जाने वाली 10 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-10) बंद कर दिया गया है. पहाड़ों में कई जगहों पर भारी भूस्खलन होने से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ है.

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के से ही नेशनल हाइवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलॉपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड (एनएचआइडीसीएल) ने एनएच-10 पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है. पहाड़ों से लगातार गिर रहे मलबे, ढीले पत्थरों और चट्टानों को हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया है. सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए सुबह पांच बजे से मरम्मत और सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जो सुबह 11 बजे तक जारी रहेगा.

सबसे अधिक असर सेवक कालीबाड़ी इलाके के पास देखा जा रहा है, जहां भूस्खलन के कारण यातायात बुरी तरह बाधित हुआ है. सड़क के कई हिस्सों में मलबा जमा हो गया है, जबकि कुछ स्थानों पर पहाड़ से अभी भी पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है. इसी वजह से प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.

एनएचआइडीसीएल की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार के छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही फिलहाल सुबह पांच बजे से 11 बजे तक बंद रहेगी. सड़क चौड़ीकरण, निर्माण सामग्री के परिवहन और भूस्खलन प्रभावित हिस्सों की मरम्मत के लिए यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है. प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किया है.

मरम्मत कार्य के दौरान सभी वाहनों को गजलडोबा-ओदलबाड़ी-गरुबाथान रूट से होकर जाने की सलाह दी गयी है. हालांकि इस वैकल्पिक मार्ग पर दबाव बढ़ने से वहां भी ट्रैफिक धीमा पड़ने की आशंका है. बारिश के कारण उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाकों में लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग पहले ही भारी वर्षा का अलर्ट जारी कर चुका है.

प्रशासन की चिंता केवल सड़क बहाल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आगे और भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है. फिलहाल सिलीगुड़ी और सिक्किम के बीच संपर्क बाधित होने से पर्यटकों, स्थानीय लोगों और व्यापारिक गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ रहा है. प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द सड़क को सुरक्षित बनाकर सामान्य यातायात बहाल किया जाये.