दिल्ली में डेंगू की चिंताजनक स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इक़बाल सिंह ने निगम प्रशासन पर साधा निशाना 

 

दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली में दिन ब दिन बेकाबू होती डेंगू की स्थिति पर आम आदमी पार्टी शासित दिल्ली नगर निगम प्रशासन पर कड़ा हमला बोला। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली में पिछले हफ्ते तक डेंगू के 270 मामले सामने आए हैं जोकि पिछले वर्ष की तुलना में दुगनी तेजी से बढ़े हैं। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जबसे दिल्ली नगर निगम की सत्ता पर काबिज हुई है तबसे दिल्ली की स्थिति बदतर होती जा रही है। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि डेंगू का अभी से इतना प्रकोप है तो जब बारिशें ढंग से शुरू होंगी तब क्या होगा? सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली की मेयर साहिबा को एसी दफ्तर से निकलकर धरातल पर देखना चाहिए कि दिल्लीवासी किन परिस्थितियों में रह रहे हैं।

सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आप शासित दिल्ली नगर निगम हर मोर्चे पर बुरी तरह से विफल साबित रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुई एक ही बारिश में सारी दिल्ली पानी पानी हो गई थी जिससे पता चलता है कि नालों से गाद निकलने का कार्य भी ढंग से नहीं हुआ है। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा पोषित भ्रष्टाचार के चलते न तो दिल्ली नगर निगम के पास पर्याप्त मात्रा में कीटनाशक दवा का भंडार है और न ही मच्छरों के प्रजनन से निपटने के लिए कोई कार्ययोजना। सरदार इकबाल सिंह ने कहा कि मेयर साहिबा ने ना ही डेंगू के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए निगम के अस्पतालों को कोई दिशा-निर्देश भी नहीं दिए है,आखिर मैं मेयर साहिबा से  पूछना चाहता हूं कि दिल्ली के नागरिकों के साथ इस तरह का सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा हैं। 

सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम प्रशासन केवल मीटिंग-मीटिंग खेल कर इस ज्वलंत समस्या का समाधान ढूंढ रहा है जबकि दिल्ली की जनता इस समस्या से बुरी तरह से त्रस्त है। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम प्रशासन ने पिछले वर्ष से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं और दिल्ली की जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया है।

सरदार राजा इकबाल सिंह ने आम आदमी पार्टी शासित दिल्ली नगर निगम के प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो दिल्ली की जनता के भले के बारे में सोचते हुए एक कार्ययोजना का निर्माण कर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों को काबू करें अन्यथा दिल्ली की जनता इस असुविधा के लिए आम आदमी पार्टी को कभी भी माफ नहीं करेगी।