NISM क्विज में एलएनएमआई पटना का शानदार प्रदर्शन, ईस्ट रीजनल राउंड में दूसरा स्थान; राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह

 

NewsHaat Desk: वित्तीय और प्रतिभूति बाजार से जुड़ी राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता में एलएनएमआई पटना के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए संस्थान के साथ बिहार का नाम भी रोशन किया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) की ओर से आयोजित ईस्ट रीजनल राउंड में एलएनएमआई पटना की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ टीम को 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला है।

60 से ज्यादा संस्थानों ने लिया हिस्सा

कोलकाता में आयोजित क्षेत्रीय चरण की प्रतियोगिता में 60 से अधिक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एलएनएमआई पटना के छात्रों ने अपनी वित्तीय एवं सामान्य ज्ञान की समझ का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में डिपार्टमेंट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, कल्याणी विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल की टीम पहले स्थान पर रही। वहीं एलएनएमआई पटना की टीम ने दूसरा और ICFAI बिजनेस स्कूल, कोलकाता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

दो छात्रों ने दिलाई संस्थान को सफलता

एलएनएमआई पटना की ओर से MBA फाइनेंस के तृतीय सेमेस्टर के छात्र शिव शंभू पांडे और MBA जनरल (SEC-D) के तृतीय सेमेस्टर के छात्र सुधांशु कुमार ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दोनों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को उपविजेता बनाया।

क्षेत्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के साथ दोनों छात्रों ने अब मुंबई में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। इससे संस्थान में खुशी का माहौल है।

मेंटर्स ने दी बधाई

छात्रों की इस सफलता पर उनके मेंटर्स एवं एलएनएमआई के सहायक प्राध्यापक डॉ. नीरज राज और डॉ. श्वेता जायसवाल ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए दोनों छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

संस्थान की निदेशक डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, कुलसचिव श्री सुधीर कुमार, उप कुलसचिव डॉ. प्रीति सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. मनीषा श्रीवास्तव समेत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।

अब एलएनएमआई पटना की टीम की नजर राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले पर है, जहां क्षेत्रीय चरण की सफलता के बाद छात्र देशभर की अन्य टीमों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।