नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, नदी में गिरी यात्रियों से भरी कार, 3 की मौत और 7 घायल
नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हेटौंडा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी एक सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर राप्ती नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे मकवानपुर जिले के भीमफेदी गांवपालिका-1 स्थित भैंसे बाजार के पास हुआ। सूमो (ना 1 ज 2143) हेटौंडा से काठमांडू की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी त्रिभुवन राजपथ से नीचे राप्ती नदी में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे।
इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की जान चली गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान सामने नहीं आई थी। वहीं, हादसे में घायल सात लोगों को स्थानीय प्रशासन और बचाव दल की मदद से बाहर निकाला गया। सभी को हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घायलों की स्थिति मध्यम बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में गिरे वाहन से यात्रियों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। मकवानपुर के पुलिस उपाधीक्षक माधव काफ्ले ने दुर्घटना में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, जिले के प्रमुख अधिकारी वसंत अधिकारी ने भी सात लोगों के घायल होने की जानकारी दी। प्रशासन के मुताबिक, हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि भीमफेदी क्षेत्र में पिछले 12 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 12 नवंबर को इसी इलाके के चिसापानीगढ़ी में एक माइक्रोबस करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि छह लोग घायल हुए थे। माइक्रोबस काठमांडू से सर्लाही जा रही थी। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, ताजा हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।