ममता ने कहा 'गंदा बिल', अब अपनी ही खेमे की सांसदों ने क्या कहा?

महिला आरक्षण विधेयक को 'गंदा बिल' बताने वाली ममता बनर्जी की टिप्पणी पर बंगाल की राजनीति में बहस तेज हो गई है. एनसीपीआई सांसद माला राय ने कहा कि यदि विधेयक महिलाओं के हित में है तो इसका समर्थन किया जाना चाहिए. वहीं, शताब्दी राय ने ममता के बयान पर सीधी प्रतिक्रिया देने से परहेज किया. तृणमूल सांसद जून मालिया ने लोकसभा में सीटें बढ़ने को अधिक लोगों के प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया.
 

Kolkata: महिला आरक्षण विधेयक को लेकर ममता बनर्जी की 'गंदा बिल' वाली टिप्पणी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस और एनसीपीआई की महिला सांसदों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। किसी ने इस पर सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया, तो किसी ने महिलाओं के हित में होने पर विधेयक का समर्थन करने की बात कही।

दरअसल, शनिवार को दिल्ली पहुंचीं ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में महिला आरक्षण विधेयक को 'गंदा बिल' करार दिया था। उन्होंने कहा था कि महिलाओं के अधिकारों के लिए उन्होंने सबसे ज्यादा संघर्ष किया है और वर्ष 2024 में ही महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है। इसके बावजूद अब इस मुद्दे पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ममता के इस बयान पर भाजपा ने भी आपत्ति जताई है।

शताब्दी राय ने टिप्पणी से बनाई दूरी

एनसीपीआई सांसद शताब्दी राय ने ममता बनर्जी के बयान पर सीधी प्रतिक्रिया देने से बचते हुए कहा कि ममता ने अपनी सोच के मुताबिक अपनी बात रखी है। अब देखना होगा कि आगे क्या होता है।

एनसीपीआई को अब तक मान्यता नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे बढ़ेगी और कोई गैरकानूनी कदम नहीं उठाएगी। उनके मुताबिक, पार्टी की ओर से सभी जरूरी सवालों के लिखित जवाब दिए जा चुके हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न और उसके अस्तित्व को लेकर भी सवाल उठाए।

माला राय का रुख: महिलाओं का भला हो तो समर्थन जरूरी

ममता बनर्जी की कभी करीबी रहीं और अब एनसीपीआई सांसद माला राय ने उनके बयान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया।

माला राय ने कहा कि यदि यह विधेयक महिलाओं के हित में है और इससे उनका भला होता है, तो इसका समर्थन किया जाना चाहिए। उन्होंने ममता बनर्जी की टिप्पणी पर कुछ भी कहने से परहेज किया।

जून मालिया ने लोकसभा में सीटें बढ़ाने को बताया अहम

तृणमूल कांग्रेस की सांसद जून मालिया ने भी ममता बनर्जी के बयान पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि ममता ने जो उचित समझा, वही कहा। हालांकि, जून मालिया के मुताबिक लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ने से अधिक लोगों को संसद में प्रतिनिधित्व का मौका मिलेगा। वहीं, 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने से महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।

विशेष सत्र से पहले राजनीतिक हलचल तेज

जून मालिया ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ सांसदों की एक शिष्टाचार बैठक प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसके लिए आमंत्रित किया है। इसके अलावा सोमवार को मुख्यमंत्री की ओर से सांसदों को दोपहर के भोज पर आमंत्रित किया गया है।

संसद के विशेष सत्र से पहले इन बैठकों और महिला आरक्षण तथा परिसीमन जैसे मुद्दों पर राजनीतिक दलों के रुख पर सबकी नजर रहेगी। फिलहाल, ममता बनर्जी की टिप्पणी के बाद बंगाल में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।