गणतंत्र दिवस पर हुआ बड़ा हादसा, थर्मोकोल गोदाम में भीषण आग, 7 की मौत, सात घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू...

West Bengal: आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 16 गाड़ियां 11 घंटे से काम कर रही हैं. गोदाम के अंदर आग अभी भी जल रही है...
 
West Bengal: आनंदपुर के पास नज़ीराबाद में गणतंत्र दिवस की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. यहां एक थर्मोकोल गोदाम में लगी भीषण आग में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है. शुरुआत में तीन लोगों के शव बरामद हुए थे. राज्य मंत्री अरूप बिस्वास और जादवपुर से तृणमूल सांसद सयानी घोष ने सोमवार दोपहर को घटनास्थल का दौरा किया.
यह आग रविवार देर रात व सोमवार तड़के करीब 3 बजे नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के नजीराबाद स्थित एक थर्मोकोल गोदाम में लगी. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 16 गाड़ियां 11 घंटे से काम कर रही हैं. गोदाम के अंदर आग अभी भी जल रही है.
मौके का मुआयना करने के बाद, राज्य मंत्री अरूप बिस्वास ने बताया कि "आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ जगहों पर आग लगी हुई है. गोदाम के अंदर से अभी भी धुआं निकल रहा है. फायरफाइटर्स आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं. काले धुएं की वजह से फायरफाइटर्स को परेशानी हो रही है." मंत्री ने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद, फायरफाइटर्स गोदाम में घुसेंगे.
कई लोग लापताः
गोदाम के कर्मचारियों ने बताया कि हादसे के वक्त उनके तीन साथी रात की शिफ्ट में काम कर रहे थे. आग लगने के बाद से ही वे लापता थे. आग लगने के बाद से 20 लोगों के लापता होने की बात बतायी जा रही है. इन 20 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. हालांकि, बाद में पता चला कि 20 में से 16 कर्मचारी अभी भी लापता हैं. उनकी तलाश शुरू कर दी गई है.
राज्य मंत्री ने कहा, "एक फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचेगी और जांच शुरू करेगी. यह जांच की जाएगी कि गोदाम के अंदर आग बुझाने का सिस्टम ठीक से काम कर रहा था या नहीं." जादवपुर लोकसभा सांसद सयानी घोष ने भी मौके का दौरा किया. सोनारपुर उत्तर की MLA फिरदौसी बेगम भी मौजूद थीं.
आग कैसे लगी?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग सबसे पहले थर्मोकोल गोदाम में लगी. कुछ ही पलों में यह पास के एक दूसरे गोदाम तक फैल गई. बताया जा रहा है कि इस गोदाम में कोल्ड ड्रिंक्स और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था. पूरा इलाका काले धुएं की चपेट में आ गया. दमकल विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि आग कैसे लगी. शुरुआती जांच से पता चलता है कि थर्मोकोल गोदाम में खाना बनाया जाता था. आशंका जतायी जा रही है कि आग वहीं से शुरू हुई होगी.