नई दिल्ली में जुटेंगे देशभर के मीडियाकर्मी, चुनाव में मीडिया की भूमिका और भ्रामक खबरों पर निर्वाचन आयोग करेगा मंथन

Ranchi/New Delhi: नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में देशभर के मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. 
 

Ranchi/New Delhi: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) चुनावी प्रक्रिया में मीडिया की भूमिका को और प्रभावी तथा जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल कर रहा है. इसी कड़ी में नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में देशभर के मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मीडिया अधिकारी एवं संचार विशेषज्ञ भाग लेंगे.

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चुनावी संचार व्यवस्था को मजबूत करना, मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना और चुनाव के दौरान सही, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जानकारी जनता तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना है. इसके अलावा फेक न्यूज, दुष्प्रचार, सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं, एआई आधारित डीपफेक, डिजिटल राजनीतिक विज्ञापनों और प्लेटफॉर्म गवर्नेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा होगी.

कई राज्यों से शामिल होंगे मीडियाकर्मी

झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से शामिल हो रहे मीडियाकर्मियों को सर्वप्रथम चुनाव में मीडिया की भूमिका विषय पर (डीजी मीडिया) आशीष गोयल विचार व्यक्त करेंगे. इसके बाद आईआईडीईएम के डीजी राकेश कुमार वर्मा संबोधित करेंगे. सुबह 9:00 बजे से आयोजित इस एक दिवसीय कॉन्फ्रेंस में डॉ सीमा खन्ना डीजी आईटी के द्वारा ECINET प्लेटफार्म और चुनाव में टेक्नोलॉजी की भूमिका पर जानकारी दी जाएगी.

कानूनी विषयों के जानकारी डीडीजी (लॉ) विजय कुमार पांडे के द्वारा महत्वपूर्ण संवैधानिक कानून और हाल में न्यायालय द्वारा आए जजमेंट की जानकारी दी जाएगी. अपूर्वा कुमार सिंह के द्वारा इलेक्ट्रॉन रोल पोलिंग प्रक्रिया और काउंटिंग प्रक्रिया पर विचार रखे जाएंगे.

मुख्य चुनाव आयुक्त कॉफ्रेंस को करेंगे संबोधित

निर्वाचन कार्य से जुड़ी खबरों का रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को चुनाव आयोग के द्वारा हर पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी. एक दिवसीय इस नेशनल मीडिया कॉन्फ्रेंस को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार करीब 1 घंटे तक संबोधित करेंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त के संबोधन के पश्चात उपस्थित मीडियाकर्मी उनसे सीधा सवाल भी पूछ सकते हैं. इसके लिए 4:30 बजे अपराह्न से 5:30 तक प्रश्नोत्तर अवधि रखी गई है.

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने इसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे चुनाव कार्य से जुड़ी जानकारी मीडियाकर्मियों को मिलेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड से 10 से 12 पत्रकार इसमें शामिल हो रहे हैं.