मेरठ बनेगा खेलों का नया केंद्र, यूपी ट्रेड शो में पहली बार दिखेगा खेल विभाग का पवेलियन

 

UP News: खेल प्रतिभाओं के लिए पहचान बना चुका मेरठ अब खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी अपनी नई तस्वीर पेश करने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-4.0 में पहली बार उत्तर प्रदेश के खेल विभाग का अलग पवेलियन लगाया जाएगा। करीब 200 वर्ग मीटर में तैयार किए जा रहे इस पवेलियन में मेरठ की खेल यूनिवर्सिटी मुख्य आकर्षणों में रहेगी।

पवेलियन के जरिए प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में हुए विकास, खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं को एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा। खेल निदेशालय, प्रादेशिक विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग, स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल यूनिवर्सिटी इसमें भाग लेंगे। यहां डिजिटल स्क्रीन, वीडियो, मॉडल और अन्य तकनीकी माध्यमों से खेल क्षेत्र की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

खेल की पढ़ाई से करियर तक, मेरठ यूनिवर्सिटी की दिखेगी पूरी तस्वीर

ट्रेड शो में आने वाले युवाओं को मेरठ की खेल यूनिवर्सिटी में संचालित पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य खेल के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण के विकल्पों से परिचित कराना है।

प्रदेश की प्रमुख खेल परियोजनाओं को थ्री-डी मॉडल के जरिए भी प्रदर्शित किया जाएगा। मेरठ की खेल यूनिवर्सिटी के साथ अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर में विकसित की जा रही खेल सुविधाओं के मॉडल भी पवेलियन में रखे जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के खेल ढांचे पर तैयार डॉक्यूमेंट्री भी आगंतुकों को दिखाई जाएगी।

खिलाड़ियों की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित

पवेलियन में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी जगह दी जाएगी। तस्वीरों, वीडियो और डिजिटल स्क्रीन के जरिए खिलाड़ियों की सफलता और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की कहानी दिखाई जाएगी।

डिजिटल गेमिंग जोन में खुद आजमा सकेंगे खेल कौशल

युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए पवेलियन में इंटरएक्टिव गेमिंग जोन भी तैयार किया जा रहा है। इसमें फुटबॉल, हॉकी और टेबल टेनिस समेत चार खेलों पर आधारित डिजिटल गेम होंगे। आगंतुक इनमें खुद हिस्सा ले सकेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के तौर पर छोटे उपहार भी दिए जाएंगे।

जेन-जी को ध्यान में रखते हुए पवेलियन में फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही खेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल और खिलाड़ियों के डिजिटल डेटा को व्यवस्थित करने की संभावनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसमें प्रतिभाओं की पहचान से लेकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन के विश्लेषण तक तकनीक की भूमिका को दिखाया जाएगा।

युवक और महिला मंगल दल की गतिविधियों की भी झलक

युवा कल्याण विभाग की ओर से युवक मंगल दल और महिला मंगल दल की गतिविधियों, उपलब्धियों और पुरस्कारों को भी पवेलियन में प्रदर्शित किया जाएगा।

खेल विभाग के विशेष सचिव विनीत कुमार के अनुसार, प्रदेश में खेल विद्यालयों, खेल विश्वविद्यालयों, स्पोर्ट्स हॉस्टल और उच्च उत्कृष्टता केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने की दिशा में काम किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से सामने आने वाली खेल प्रतिभाओं को अवसर देने के साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।