यूपी में शुरू होगा मेगा 'सेवा संकल्प अभियान': हर विभाग में तैनात होंगे नोडल अधिकारी, 17 सितंबर और स्वच्छता पखवाड़े को लेकर सरकार का बड़ा एक्शन प्लान

 

 

UP News: उत्तर प्रदेश में जनसेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए योगी सरकार ने कमर कस ली है। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की अध्यक्षता में लखनऊ के संगम भवन में एक अहम उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जहां 'सेवा संकल्प अभियान' और 'जन सेवा पर्व' को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।

हर विभाग में होंगे नोडल अधिकारी, सार्वजनिक होंगे नंबर:

मंत्री एके शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह एक बहुविभागीय और बहुजनपदीय कार्यक्रम है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है. समन्वय को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं कि हर विभाग अपना एक नोडल अधिकारी नामित करे और उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करे. इसके अलावा, वार्ड स्तर तक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 15 सितंबर से पहले सभी पार्षदों की बैठक बुलाई जाएगी।

डिजिटल माध्यमों से योजनाओं का प्रसार और सेवा सेतु कैंप:

जनता तक योजनाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए नगर निकायों के डिजिटल बोर्ड्स पर सरकार की उपलब्धियों से जुड़े वीडियो दिखाए जाएंगे. इसके साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी का भी इसमें उपयोग किया जाएगा. निकायों में 'सेवा सेतु' के तहत विशेष कैंप लगाकर पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया जाएगा.

17 सितंबर को मचेगी रोशनी, पीएम मोदी के जन्मदिन पर विशेष तैयारी:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के अवसर पर पीएम आवास योजना और पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को दीप प्रज्ज्वलित कर शुभकामनाएं देने के लिए प्रेरित किया जाएगा. इस दिन प्रदेश के प्रमुख सरकारी भवनों, अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों को आकर्षक रोशनी से सजाने के निर्देश दिए गए हैं.

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता का महा-अभियान:

वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक प्रस्तावित यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी जिलों में विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही, आगामी 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में अनवरत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. इन सभी कार्यों की डिजिटल रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर साझा करने को कहा गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें. साथ ही विद्युत विभाग को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर बिजली और स्ट्रीट लाइटों की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.