लेकटाउन का आकर्षण रही मेस्सी की प्रतिमा अब होगी स्थानांतरित, जानें वजह
Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के लेकटाउन चौराहे पर स्थापित फुटबॉल सुपरस्टार Lionel Messi की विशाल प्रतिमा अब वहां नजर नहीं आएगी. महज कुछ महीनों पहले बड़े उत्साह के साथ स्थापित की गई यह प्रतिमा अब हटाई जा रही है. प्रशासन का कहना है कि प्रतिमा की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं, जिसके बाद इसे हटाने और दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
लेकटाउन स्थित वीआईपी रोड के पास करीब 70 फीट ऊंची यह प्रतिमा दिसंबर 2025 में स्थापित की गई थी. यह प्रतिमा मेस्सी के भारत दौरे और उनके सम्मान में बनाई गई थी. उद्घाटन के समय इसे शहर के फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़े आकर्षण के रूप में पेश किया गया था.
लेकिन हाल के दिनों में स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि तेज हवा चलने पर प्रतिमा हल्की-हल्की हिलती दिखाई देती है. इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियरों ने निरीक्षण किया और शुरुआती जांच में संरचनात्मक खामियां सामने आने की बात कही गई.
मेस्सी की इस विशाल प्रतिमा को लेकटाउन के इस चौराहे से हटाया जा रहा है. हालांकि, प्रतिमा को कैसे स्थानांतरित किया जाएगा, इस पर अटकलें लगाई जा रही हैं. कुछ दिन पहले, तेज हवा में झूलते हुए मेस्सी की प्रतिमा दिखाई दी थी. खबर फैलते ही हंगामा मच गया. लेकटाउन के लोग भयभीत हो गए थे.
प्रतिमा के तोड़े जाने की खबर में मायूस थे लोग
पहले यह कहा गया कि इस प्रतिमा को तोड़ दिया जायेगा, लेकिन बाद में लोगों की मायूसी को देखते हुए सरकार की ओर से कहा गया कि प्रतिमा तोड़ी नहीं जायेगी, बल्कि हटाई जायेगी. सोमवार को मेस्सी की प्रतिमा हटाए जाने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. मेस्सी ने भी शायद राहत की सांस ली होगी. सोमवार को लोक निर्माण विभाग ने प्रतिमा को रस्सियों से बांध दिया. प्रतिमा के पीछे की सड़क पर यातायात रोकने के लिए बैरिकेड लगा दिए गए. इसके अलावा, प्रतिमा के सामने के मैदान के एक हिस्से को भी बांस से घेर दिया गया.