जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल नूतन कुमारी से मिलीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बोलीं- युवाओं की लड़ाई में कांग्रेस मजबूती से साथ

 

Newshaat Desk: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची में जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान घायल हुईं नूतन कुमारी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। नूतन कुमारी दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन के दौरान घायल हो गई थीं। उनके मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में उन्हें चोट लगी और वह पैलेट गन की चपेट में भी आईं।

मंत्री ने नूतन कुमारी से बातचीत कर प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने खास तौर पर यह भी जाना कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा रहा।

पेपर लीक के खिलाफ युवाओं की एकजुटता को बताया बड़ी ताकत

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर के युवाओं की एकजुटता से एक बड़ी लड़ाई को मजबूती मिली है, लेकिन अभी समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने युवाओं के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

मंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने युवाओं की पीड़ा और उनकी वर्षों की मेहनत को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने दावा किया कि देश में सामने आए पेपर लीक के मामले सरकार की विफलता को दर्शाते हैं।

‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का देना होगा जवाब’

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के छात्र और नौजवान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है। इस मौके पर कांग्रेस के रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।