जनगणना ड्यूटी से छुट्टी चाहिए? बरेली में नया नियम लागू, मेडिकल रिपोर्ट की होगी जांच...

Bareilly, UP:  जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच बरेली जिला प्रशासन ने ड्यूटी से छूट मांगने वाले कर्मचारियों के लिए प्रक्रिया सख्त कर दी है. प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ओर से स्वास्थ्य संबंधी कारणों के आधार पर दिए जाने वाले आवेदन की अब चार सदस्यीय समिति जांच करेगी. मेडिकल आधार पर राहत चाहने वाले कर्मचारियों को समिति के समक्ष मेडिकल परीक्षण भी कराना होगा.

 

Bareilly, UP:  जनगणना-2027 को लेकर बरेली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों को अब जिम्मेदारी से मुक्त होने के लिए ठोस और सत्यापन योग्य कारण प्रस्तुत करना होगा। खासतौर पर स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देकर ड्यूटी से छूट मांगने वाले कर्मचारियों के दावों की मेडिकल जांच कराई जाएगी।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी ने ड्यूटी से मुक्त करने संबंधी प्रार्थना पत्रों की जांच और निस्तारण के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल सामान्य कारण बताकर जनगणना ड्यूटी से राहत नहीं दी जाएगी।

बीमारी का दावा करने वालों की होगी मेडिकल जांच

स्वास्थ्य संबंधी कारणों के आधार पर ड्यूटी से मुक्त होने का अनुरोध करने वाले कर्मचारियों को समिति के समक्ष मेडिकल परीक्षण कराना होगा। उनके चिकित्सा अभिलेखों और जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य संबंधी दावे का सत्यापन किया जाएगा।

यदि जांच में पर्याप्त आधार पाया जाता है, तभी संबंधित कर्मचारी को जनगणना ड्यूटी से मुक्त करने की संस्तुति की जाएगी। इससे स्वास्थ्य संबंधी दावों की वास्तविकता की जांच के साथ ड्यूटी से अनावश्यक छूट के मामलों पर भी निगरानी रखी जा सकेगी।

चार सदस्यीय समिति करेगी आवेदनों की जांच

जनगणना ड्यूटी से मुक्त करने संबंधी प्रार्थना पत्रों की जांच के लिए गठित समिति में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है।

समिति में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को सदस्य बनाया गया है। समिति कर्मचारियों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों में उल्लेखित कारणों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच करेगी।

बिना ठोस आधार के नहीं मिलेगी ड्यूटी से छूट

प्रशासन ने साफ किया है कि केवल ड्यूटी से बचने या सामान्य कारणों के आधार पर प्रगणक और पर्यवेक्षक को उनकी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से स्वास्थ्य संबंधी मामलों में मेडिकल परीक्षण और चिकित्सा दस्तावेजों की जांच के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।

समिति अपनी जांच के आधार पर स्पष्ट संस्तुति जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इसके बाद संबंधित प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार फैसला लिया जाएगा।

जनगणना के लिए जिला स्तरीय सेल गठित

जनगणना-2027 के संचालन और समन्वय के लिए बरेली में जनपद स्तरीय जनगणना सेल का भी गठन किया गया है। इसमें आलोक कुमार, नरेंद्र प्रताप सिंह और अमन सक्सेना को नामित किया गया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर जनगणना से जुड़ी तैयारियों और ड्यूटी व्यवस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर है।