पेरिस में स्वामीनारायण मंदिर के उद्घाटन पर बोले PM मोदी- भारत-फ्रांस संबंधों में जुड़ा नया अध्याय
Newshaat Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और फ्रांस के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दोनों देशों के पुराने सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंधों की मजबूत नींव से जोड़ते हुए कहा कि द्विपक्षीय रिश्ते लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने पेरिस में बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंदिर को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव का नया प्रतीक बताया।
पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि पेरिस में स्थापित यह भव्य मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत और फ्रांस के बीच सहयोग, संस्कृति और आपसी जुड़ाव की यादगार मिसाल बनेगा।
तकनीक से लेकर रक्षा और अंतरिक्ष तक बढ़ा सहयोग
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फ्रांस आज कई रणनीतिक क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग को नई गति मिली है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को दोनों देश ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ के तौर पर भी मना रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी की खासियत यह है कि इसका आधार केवल वर्तमान जरूरतें नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से कायम सांस्कृतिक और राजनीतिक रिश्ते भी हैं।
फ्रांस से भारत का पुराना सांस्कृतिक जुड़ाव
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत और फ्रांस के ऐतिहासिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फ्रांस में भारतीय सैनिकों के बलिदान की स्मृति आज भी लोगों के बीच मौजूद है।
प्रधानमंत्री ने संस्कृत और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को फ्रांस में लोकप्रिय बनाने में फ्रांसीसी विद्वानों के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद पर फ्रांसीसी लेखक रोमां रोलां के लेखन को दोनों देशों के समाजों को करीब लाने वाली कड़ी बताया।
‘द मदर’ से प्रभुपाद तक आध्यात्मिक संबंधों का जिक्र
पीएम मोदी ने श्री अरबिंदो आश्रम और फ्रांस के बीच रहे आध्यात्मिक संबंधों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि ‘द मदर’ की पेरिस से पुडुचेरी तक की आध्यात्मिक यात्रा ने भारत और फ्रांस के अनेक साधकों को प्रभावित किया।
उन्होंने इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद के फ्रांस दौरे का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक जुड़ाव का एक नया अध्याय शुरू हुआ।
योग बना लोगों को जोड़ने वाला माध्यम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज योग भी भारत और फ्रांस के लोगों के बीच संपर्क का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दौरान एफिल टॉवर पर होने वाले योग कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे फ्रांस में योग की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
‘मेड इन इंडिया, बिल्ट इन फ्रांस’ है मंदिर
पेरिस के नए स्वामीनारायण मंदिर को भारत और फ्रांस के सहयोग का उदाहरण बताते हुए पीएम मोदी ने इसे ‘मेड इन इंडिया और बिल्ट इन फ्रांस’ की भावना से जुड़ा बताया।
उन्होंने कहा कि मंदिर में इस्तेमाल किए गए कई पत्थरों को भारत में तराशा गया है। भारतीय पारंपरिक शिल्पकला को फ्रांस की आधुनिक इंजीनियरिंग के साथ जोड़कर मंदिर को तैयार किया गया है। पीएम मोदी के मुताबिक यह निर्माण दोनों देशों की क्षमताओं और सांस्कृतिक विरासत के मेल को दर्शाता है।
सेवा का केंद्र भी बनेगा मंदिर
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वामीनारायण मंदिरों की पहचान केवल धार्मिक स्थलों के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के तौर पर भी रही है। उन्हें जानकारी दी गई है कि पेरिस का मंदिर भी विभिन्न सेवा परियोजनाओं का केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि बीएपीएस के मंदिरों में होने वाले धार्मिक आयोजनों के साथ भारत की प्राचीन मान्यताओं और मानवीय मूल्यों का संदेश भी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचता है।
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि पेरिस में बना यह मंदिर फ्रांस की सांस्कृतिक विविधता को और समृद्ध करेगा तथा भारत-फ्रांस के बीच लोगों के स्तर पर रिश्तों को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में अवसर मिलने पर वह स्वयं मंदिर जाकर पूजा करने का प्रयास करेंगे।