लंबे इंतजार के बाद कोलकाता में NIA थाना शुरू, TMC सरकार के इनकार के बीच एजेंसी की बड़ी पहल
Kolkata: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अपना थाना (पुलिस स्टेशन) शुरू कर दिया है. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब राज्य की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर पहले एनआईए को थाना स्थापित करने की अनुमति नहीं देने के आरोप लगते रहे थे.
जानकारी के अनुसार, नए एनआईए थाने के शुरू होने से आतंकवाद, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, विस्फोट, सीमा पार अपराध और अन्य एनआईए से जुड़े मामलों की जांच को गति मिलेगी. अब एजेंसी को राज्य में मामलों के पंजीकरण और जांच प्रक्रिया के लिए स्थानीय स्तर पर अधिक सुविधा मिलेगी.
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए लंबे समय से कोलकाता में अपना थाना स्थापित करना चाहती थी, लेकिन राज्य सरकार की ओर से आवश्यक अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया लंबित थी. अब थाना शुरू होने के बाद एजेंसी की जांच और समन्वय क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है.
हालांकि, इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. विपक्ष इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा अहम कदम बता रहा है, जबकि राज्य सरकार पहले अपने अधिकार क्षेत्र और संघीय ढांचे से जुड़े सवाल उठाती रही है.
एनआईए के इस नए थाने के संचालन के बाद पश्चिम बंगाल में एजेंसी की जांच और अभियोजन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होने की संभावना जताई जा रही है.