रामोजी राव के योगदान की कोई बराबरी नहीं कर सकता! अमित शाह ने सुनाए कई किस्से

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 समारोह में मीडिया जगत के दिग्गज रामोजी राव की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि देश के लिए रामोजी राव के योगदान की बराबरी कोई नहीं कर सकता. शाह ने उन्हें अपने आप में एक संस्था बताते हुए कहा कि उनकी विरासत आज भी देश को प्रेरित करती है.

 

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया जगत के दिग्गज और दूरदर्शी व्यक्तित्व रामोजी राव की जमकर तारीफ की है। सोमवार को विजयवाड़ा में आयोजित रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 समारोह में अमित शाह ने कहा कि देश के लिए रामोजी राव ने जितना बड़ा योगदान दिया, उसकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। उन्होंने रामोजी राव को अपने आप में एक संस्था बताते हुए कहा कि ऐसे लोग दुनिया से जाने के बाद भी अपने काम और विचारों से देश को प्रेरित करते रहते हैं।

डॉ. बीआर अंबेडकर कलावेदिका में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव के पास स्पष्ट विजन और मजबूत इच्छाशक्ति थी। इसी सोच के साथ उन्होंने ईनाडु की शुरुआत की और मीडिया जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। शाह ने कहा कि रामोजी राव की तुलना सिर्फ रामनाथ गोयनका जैसे दिग्गज व्यक्तित्व से की जा सकती है।

रामोजी राव की दूरदर्शिता के कायल थे अमित शाह

अमित शाह ने रामोजी राव के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण के दौरान उनकी मुलाकात रामोजी राव और चंद्रबाबू नायडू से हुई थी। उस समय भीड़ के कारण शाह को अपनी कार नहीं मिल रही थी। ऐसे में रामोजी राव और चंद्रबाबू नायडू उन्हें गुजरात भवन तक छोड़ने गए थे।

शाह ने कहा कि रामोजी राव से जब भी उनकी मुलाकात होती थी, वह देश के हर बड़े मुद्दे की गहरी जानकारी रखते थे। उनकी राजनीतिक और सामाजिक समझ बेहद व्यापक थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान रामोजी राव ने जो राजनीतिक आकलन उनके साथ साझा किया था, चुनाव परिणाम लगभग उसी के अनुरूप आए।

अनुच्छेद 370 और पूर्वोत्तर पर भी हुई थी चर्चा

गृह मंत्री ने बताया कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद रामोजी राव उनसे मिले थे। उस मुलाकात में उन्होंने पूर्वोत्तर की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने की जरूरत पर जोर दिया था। शाह के मुताबिक, रामोजी राव इतिहास, जनसंख्या, क्षेत्रीय समस्याओं और उग्रवाद के कारणों की गहरी समझ रखते थे।

अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव के विचारों और देश के मुद्दों पर उनकी पकड़ से वह काफी प्रभावित थे।

पत्रकारिता की आजादी से कभी समझौता नहीं किया

अमित शाह ने रामोजी राव की स्वतंत्र पत्रकारिता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने केंद्र या राज्य सरकार किसी के दबाव में अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से समझौता नहीं किया। उनका मानना था कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है।

शाह ने ईटीवी नेटवर्क की शुरुआत और विस्तार को भी उनकी दूरदर्शिता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जब निजी न्यूज चैनलों का दौर शुरू हुआ, तब रामोजी राव ने क्षेत्रीय भाषाओं में 24 घंटे के समाचार चैनल शुरू करने की कल्पना की। उन्होंने तेलुगु के साथ दूसरी भाषाओं में भी ईटीवी चैनलों का विस्तार किया।

बीमारी के दौरान भी नई तकनीक का सपना

अमित शाह ने रामोजी राव के साथ अपनी आखिरी मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उनकी सेहत ठीक नहीं थी। शाह ने उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा था कि अब युवा रामोजी राव क्या नया करने जा रहे हैं। इस पर रामोजी राव ने स्मार्टफोन टीवी चैनल शुरू करने की इच्छा जताई थी।

शाह ने कहा कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद रामोजी राव नए लक्ष्य और नई तकनीक को अपनाने के लिए उत्साहित थे। यही काम के प्रति उनका जुनून उन्हें महान बनाता था।

रामोजी फिल्म सिटी के योगदान को भी किया याद

गृह मंत्री ने फिल्म उद्योग में रामोजी राव के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने सिर्फ मीडिया संस्थान नहीं बनाए, बल्कि ऐसी संस्थाएं खड़ी कीं जो अपने संस्थापक के मूल्यों और सिद्धांतों पर आगे बढ़ती हैं। रामोजी फिल्म सिटी को भी उन्होंने भारतीय फिल्म उद्योग की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल जस्टिस एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और किंजरापु राम मोहन नायडू सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति, विमानन क्षेत्र के विस्तार और गरीबी में कमी से जुड़े आंकड़ों का जिक्र किया।