अब टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट! IRCTC के नए पोर्टल पर नहीं भरना होगा कैप्चा, 1 मिनट में 1.5 लाख टिकट बुक करने की क्षमता

IRCTC New Update: नई वेबसाइट को इस तरह तैयार किया गया है कि वह प्रति मिनट करीब 1.5 लाख टिकट बुकिंग और 40 लाख से अधिक पूछताछ (enquiries) को संभाल सके. इससे खासकर तत्काल (Tatkal) टिकट बुकिंग के दौरान सर्वर पर दबाव कम होगा और वेबसाइट पहले की तुलना में अधिक सुचारु रूप से काम करेगी.
 

IRCTC New Update: भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) जल्द ही अपनी नई वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है. नए पोर्टल का उद्देश्य टिकट बुकिंग को पहले से अधिक तेज, आसान और सुरक्षित बनाना है. नई वेबसाइट में यूजर्स को बेहतर इंटरफेस, तेज लोडिंग स्पीड और कई नए फीचर्स मिलेंगे. सबसे बड़ी राहत यह होगी कि टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे बुकिंग प्रक्रिया काफी तेज हो जाएगी.

वेबसाइट में क्यों लाया गया बदलाव?

इससे पहले IRCTC वेबसाइट प्रति मिनट लगभग 32,000 टिकट बुक करने की क्षमता रखती थी, लेकिन न्यू वर्जन आने से इसकी कैपेसिटी बढ़कर 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट हो गई है. खास बात यह है कि अब आपको तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली भीड़ के समय भी अब आपको वेबसाइट के हैंग होने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.
इसके अलावा, सबसे बड़ी राहत कैप्चा कोड को लेकर मिली है. नई वेबसाइट पर कैप्चा के झंझट को काफी हद तक कम कर दिया गया है, जिससे बुकिंग की प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा स्पीड हो गई है.

IRCTC की नई वेबसाइट में कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी? 

रेलवे ने यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कई अत्याधुनिक फीचर्स जोड़े हैं:

  • अब बुकिंग के दौरान आप अपनी पसंद की सीट चुन सकते हैं.
  • यात्री अलग-अलग तारीखों का किराया एक ही जगह देख सकेंगे.
  • वेबसाइट अब हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है.
  • अनावश्यक पॉप-अप और भारी ग्राफिक्स को हटा दिया गया है ताकि वेबसाइट तेजी से लोड हो सके.
  • दिव्यांगजन, छात्र और मरीजों के लिए विशेष बुकिंग की सुविधा को और भी आसान बनाया गया है.

क्या पुराना ID-Password काम नहीं करेगा?

यह यात्रियों का सबसे महत्वपूर्ण सवाल है. आपको बता दें कि आपको नया अकाउंट बनाने की आवश्यकता नहीं है. आपका पुराना IRCTC यूजरनेम और पासवर्ड ही नई वेबसाइट पर भी पूरी तरह से मान्य है. आप अपने पुराने क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके आसानी से लॉग इन कर सकते हैं.