अब साल में 10 दिन कम मिलेगी छुट्टी! शुभेंदु सरकार के फैसले से कर्मचारियों में हलचल

पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य में अब सरकारी कर्मचारियों को सालाना मिलने वाली छुट्टियों की संख्या करीब 50 से घटाकर 40 दिन करने की तैयारी है. मुख्यमंत्री ने वित्त सचिव को छुट्टियों की सूची में कटौती करने का निर्देश दिया है.
 

Kolkata: पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों का कैलेंडर बदलने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाली सालाना छुट्टियों की संख्या में कटौती करने का निर्देश दिया है। अब तक करीब 50 दिनों की छुट्टियां मिलती थीं, जिन्हें घटाकर 40 दिन करने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद राज्य के सरकारी विभागों में नई छुट्टी सूची को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

बुधवार रात राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त सचिव ने पहले 45 दिनों की छुट्टियों का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन उन्होंने इसे भी कम करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब सालाना छुट्टियों की संख्या 40 दिन तक सीमित करने की योजना है।

45 दिन का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री ने घटाया

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि उन्होंने वित्त सचिव को छुट्टियों की संख्या कम करने के लिए कहा था। इसके बाद वित्त विभाग की ओर से 45 दिनों की सूची तैयार की गई। हालांकि, मुख्यमंत्री इससे भी संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने छुट्टियों की संख्या घटाकर 40 दिन करने का निर्देश दिया।

उनका कहना है कि सरकारी विभागों में कई महत्वपूर्ण काम लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे में प्रशासनिक कामकाज को गति देने और सरकारी कार्यालयों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए छुट्टियों की संख्या कम करना जरूरी है।

त्योहारों और जयंती की छुट्टियों की होगी समीक्षा

पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के साथ महापुरुषों की जयंती पर भी सरकारी छुट्टियों की संख्या बढ़ाई गई थी। अब नई सरकार इस पूरी व्यवस्था की समीक्षा करने की तैयारी में है।

संभावना है कि त्योहारों और विशेष अवसरों पर मिलने वाली कुछ छुट्टियों में कटौती की जा सकती है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि किन त्योहारों या महापुरुषों की जयंती पर मिलने वाली छुट्टियां समाप्त की जाएंगी।

नई सूची जारी होने के बाद साफ होगी तस्वीर

फिलहाल 40 दिनों की छुट्टियों को लेकर अंतिम सूची तैयार नहीं हुई है। वित्त विभाग को नई सूची तैयार करनी है। इसके बाद आधिकारिक अधिसूचना जारी होने पर ही यह स्पष्ट होगा कि कर्मचारियों को किन-किन अवसरों पर छुट्टी मिलेगी।

अगर प्रस्तावित बदलाव लागू होता है, तो पश्चिम बंगाल के सरकारी कार्यालयों में सालाना कामकाज के दिनों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल सरकारी कर्मचारियों की नजर नई छुट्टी सूची और सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।