शहीद दिवस पर CM रेखा गुप्ता ने प्रतिमा का अनावरण कर इतिहास को फिर किया जीवंत, युवाओं को मिला नया प्रेरणा केंद्र

 
New Delhi: शहीद दिवस के मौके पर देशभक्ति और इतिहास का एक भावुक संगम देखने को मिला, जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित ऐतिहासिक परिसर में भगत सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही उस ऐतिहासिक ‘कोर्ट ट्रायल रूम’ का भी उद्घाटन हुआ, जहां कभी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव पर मुकदमा चला था।

यह वही जगह है, जहां कभी अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज़ें गूंजी थीं और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा इतिहास में दर्ज हुआ था। अब उसी स्थान को नए रूप में संरक्षित कर युवाओं के लिए प्रेरणा केंद्र के तौर पर विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि 23 मार्च केवल एक तारीख नहीं, बल्कि देश के गौरव, त्याग और बलिदान की अमिट कहानी है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल का पुनरुद्धार सिर्फ निर्माण कार्य नहीं, बल्कि देश की आत्मा को सहेजने का प्रयास है, ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वतंत्रता संग्राम की उस ज्वाला को महसूस कर सकें।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस स्थल का भ्रमण करें और उन वीर सपूतों के संघर्ष को करीब से जानें, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।

कार्यक्रम में कई गणमान्य नेताओं की उपस्थिति रही, जहां स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने भी कहा कि यह स्थान अब सिर्फ इतिहास नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए राष्ट्रभक्ति का जीवंत पाठशाला बन चुका है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में भी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

दिल्ली में शहीद दिवस का यह आयोजन न सिर्फ श्रद्धांजलि का अवसर बना, बल्कि इतिहास को नई पीढ़ी से जोड़ने की एक सशक्त पहल भी साबित हुआ।