मोदी सरकार के 8 वर्ष पुरे होने पर आरसीपी सिंह छतरपुर और पन्ना जिलों के दौरे पर
 

 

केंद्रीय इस्पात मंत्री राम चन्द्र प्रसाद सिंह ने आज पन्ना नेशनल पार्क का दौरा किया। "मोदी सरकार के 8 वर्ष पूर्ण" होने के अवसर पर सभी केंद्रीय मंत्री इस पखवाड़े में देश के विभिन्न जिलों में दो दिन का दौरा और प्रवास करेंगे। आरसीपी सिंह छतरपुर और पन्ना जिलों के दौरे पर कल मध्य प्रदेश पहुंचे। आरसीपी मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्हें पन्ना नैशनल पार्क में तीन टाइगर देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने बाघों के संरक्षण के लिए काम कर रहे पन्ना टाइगर रिज़र्व नैशनल पार्क के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और मध्य प्रदेश सरकार की प्रशंसा की। आरसीपी सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हीरा खनन परियोजना मझगवां पन्ना के जिग प्लांट में वृक्षारोपण किया और एनएमडीसी के कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु शपथ दिलाई।

केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने पन्ना जिले के ग्राम मंडला में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मिलकर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ने कहा कि इस प्रकार की योजनाएँ महिला सशक्तिकरण में एक सम्बल प्रदान कर रही है। आरसीपी सिंह ने पन्ना में चल रही अमृत सरोवर योजना का निरीक्षण किया। 24 अप्रैल 2022 को शुरू की गई इस नई पहल-मिशन अमृत सरोवर का उद्देश्य अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में देश के प्रत्येक जिले में 75 जल निकायों का विकास और कायाकल्प करना है।

आरसीपी सिंह ने पन्ना ज़िले में जानकी महिला समूह से जुड़ी दीदी लक्षमणिया नामदेव जी का डायमंड ढाबा देखा और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की हितग्राही दीदी विष्णुप्रिया वैरागी द्वारा बनाया गए आवास का निरीक्षण किया। आरसीपी सिंह ने आवास योजना के अन्य लाभार्थियों से भी मुलाकात की। सभी ने आवास योजना हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आभार व्यक्त किया और हृदय से धन्यवाद दिया। 

इससे पूर्व शनिवार को आरसीपी सिंह ने कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, खजुराहो का दौरा किया और मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सफलतापूर्वक लागू होने की सराहना की। छतरपुर में खजुराहो मंदिरों के दौरे के बाद आरसीपी सिंह ने कहा कि ये वास्तुकला और मूर्तिकला के तालमेल का आदर्श उदहारण है और देश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं।