विश्वकर्मा जयंती पर CM योगी बोले- शिल्पकारों को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़कर बदली तस्वीर
UP News: भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने शिल्पकारों और कारीगरों के योगदान को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस देश में कारीगरों और शिल्पकारों को सम्मान मिलता है, वहां विकास की गति मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए पारंपरिक शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, इससे कारीगरों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और स्वावलंबन की दिशा में काम करने के नए अवसर मिले हैं।
यूपी में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी से जुड़े: CM
सीएम योगी ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार सहित विभिन्न पारंपरिक पेशों से जुड़े लोगों के लिए उनका हुनर लंबे समय से आजीविका का आधार रहा है। उनके मुताबिक, आजादी के बाद कई दशकों तक इन पारंपरिक हुनरों को अपेक्षित प्रोत्साहन नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रशिक्षण, टूलकिट और रोजगार से जुड़े अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार एवं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
विश्वकर्मा जयंती और PM मोदी के जन्मदिन का किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर का दिन दो महत्वपूर्ण अवसरों से जुड़ा है। एक ओर भगवान विश्वकर्मा की जयंती है, जिन्हें सृष्टि का आदिशिल्पी माना जाता है, वहीं इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में विकसित भारत की परिकल्पना के आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि गुरु गोरखनाथ की धरती से भगवान विश्वकर्मा के चरणों में नमन करते हुए वह प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं।
पूजनोत्सव पुस्तक का किया विमोचन
भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने ‘श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति के अध्यक्ष दयानंद शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा स्थानीय पार्षद छट्ठीलाल गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास तथा श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति से जुड़े जयप्रकाश शर्मा, अनूप शर्मा और अजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।