‘सदन से भाग रही विपक्ष, अब देना होगा हर घोटाले का हिसाब’ - मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का तीखा हमला
मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें विपक्ष की भूमिका निभाने का जनादेश दिया है, लेकिन वे सदन से बाहर रहकर सिर्फ “नौटंकी” कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में रहते हुए भी विपक्ष ने अपनी जिम्मेदारियों से दूरी बनाई और अब भी वही रवैया जारी है।
कैग रिपोर्ट से बचने का आरोप
सिरसा ने कहा कि विपक्ष चर्चा से इसलिए भाग रहा है क्योंकि कैग रिपोर्ट में उनके कार्यकाल से जुड़े कई गंभीर मुद्दे सामने आने वाले हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में कैग रिपोर्ट को सदन में पेश नहीं किया गया।
वहीं, उन्होंने आतिशी का जिक्र करते हुए कहा कि सदन से दूरी बनाकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता और सच्चाई से सामना करना ही होगा।
‘नौटंकी नहीं, जवाब दो’
मंत्री ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को “प्रो-मैक्स नौटंकी” करार देते हुए कहा कि अगर विपक्ष के पास जवाब है तो उन्हें सदन के अंदर आकर देना चाहिए, न कि बाहर प्रदर्शन करना चाहिए।
घोटालों का भी किया जिक्र
सिरसा ने कहा कि पीएसी और अन्य रिपोर्ट्स में शराब, स्वास्थ्य, बिजली और परिवहन से जुड़े कथित घोटालों की बातें सामने आई हैं। यही वजह है कि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब जवाबदेही तय होने का समय आ गया है और बीते 11 वर्षों में हुए हर काम का हिसाब विपक्ष को देना ही पड़ेगा।