5.3 करोड़ से ज्यादा मतदाता तय करेंगे राजनीतिक भविष्य: असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग शुरू, लाखों मतदाता कर रहे मतदान

असम में मुकाबला मुख्य रूप से दो-तरफा है, जिसमें बीजेपी की अगुवाई वाला एनडीए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरा कार्यकाल चाहता है.
 

Assam Election 2026: असम, केरलम और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव 2026 है. आज 5.3 करोड़ से अधिक वोटर हजारों बूथ पर दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में सरकारों की किस्मत का फैसला करने के लिए वोट डालेंगे.

वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई और शाम 6 तक चलेगी. इन राज्यों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए चुनाव आयोग की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं. सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

इन राज्यों में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. एक ही फेज में होने वाले चुनाव में केरल की 140, असम की 126 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग होगी.

चुनाव आसानी से हो इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वेबकास्टिंग और लॉजिस्टिकल इंतजाम किए गए हैं. असम में मुकाबला मुख्य रूप से दो-तरफा है, जिसमें बीजेपी की अगुवाई वाला एनडीए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरा कार्यकाल चाहता है.

गौरव गोगोई की अगुवाई वाली कांग्रेस की अपोजिशन को एक दशक बाद सत्ता वापस पाने की उम्मीद है. राज्य में करीब 2.5 करोड़ वोटर हैं, जिनमें 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं, पहली बार वोट देने वाले, सीनियर सिटिजन और दिव्यांग लोग शामिल हैं जो 31,490 पोलिंग स्टेशनों पर वोट डालेंगे.

केरल की 140 सीटों पर लगातार जीत और वापसी के बीच मुकाबला है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट, कांग्रेस की लीडरशिप वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को चुनौती देते हुए लगातार तीसरी बार जीत हासिल करना चाहती है.

पुडुचेरी में एनडीए, कांग्रेस-डीएमके ब्लॉक और एक्टर विजय की नई बनी तमिलगा वेत्री कजगम के बीच कई कोनों वाली टक्कर है. पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में 1,099 पोलिंग स्टेशनों पर करीब 9.5 लाख वोटर 294 उम्मीदवारों में से चुनेंगे. तीनों राज्यों में आज होने वाली वोटिंग का नतीजा 4 मई को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों के साथ आएगा.