वोटिंग के दौरान मुर्शिदाबाद में बमबाजी से दहशत, पीड़िता बोली– ‘अचानक आए दो लड़के, मेरे पैर पर फेंक दिया बम’

Bengal Election 2026: वोटिंग से पहले बुधवार को मुर्शिदाबाद में कथित तौर पर हुए बम धमाके की घटना के पीड़ितों में से एक ने कहा, "कल रात करीब 8 बजे मैं नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकली थी. मैं खड़ी थी. तभी दो लड़के आए और मेरे पैरों के पास एक बम फेंक दिया. यह काम हुमायूं कबीर की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया है.'
 

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में वोटिंग शुरू होने के बाद अलग-अलग इलाक़ों से छिटपुट घटनाओं की खबरें आ रही हैं. मुर्शिदाबाद ज़िले की डोमकल सीट पर सीपीआई(एम) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के बीच झगड़े में चार लोग घायल हुए. इसके कारण स्थानीय लोग बूथ नंबर 217 पर वोट डालने नहीं जा पाए.

मुर्शिदाबाद पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने माइक से लोगों से वोट डालने की अपील की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया. दूसरी ओर, मुर्शिदाबाद ज़िले की नौदा विधानसभा सीट के शिवनगर में एक मतदान केंद्र के पास बम धमाके की खबर आई.

तृणमूल कांग्रेस ने इसका आरोप हुमायूं कबीर की पार्टी पर लगाया. मालदा ज़िले के मोथाबाड़ी में ईवीएम ख़राब होने की वजह से क़रीब 8:30 बजे तक वोटिंग रुकी रही. बाद में जब सेक्टर अफ़सर मतदान केंद्र पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन पर देर से आने का आरोप लगाया और उनके ख़िलाफ़ विरोध भी किया. चुनाव आयोग के मुताबिक़, समस्या हल होने के बाद वोटिंग फिर से शुरू हो गई है.

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान झड़प का मामला सामने आया है. गुरुवार को मुर्शिदाबाद में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई. यह घटना तब हुई जब कबीर उस जगह पर पहुंचे, जहां पहले चरण की वोटिंग से एक दिन पहले नवदा विधानसभा क्षेत्र में एक पोलिंग बूथ के पास बम धमाके की खबर आई थी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हुमायूं कबीर केंद्रीय सुरक्षा बल (CAPF) के जवानों से घिरे हुए हैं और वहां मौजूद लोगों के एक समूह के साथ उनकी तीखी बहस हो रही है. आरोप है कि यह लोग तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे.

आपस में भिड़े टीएमसी और हूमायूं  कबीर के कार्यकर्ता 

आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के खिलाफ नारेबाजी की. झड़प की स्थिति बनने के बाद मौके पर सिक्योरिटी टाइट कर दी गई है. केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर मौजूद है. चारों तरफ लोग ही लोग नजर आ रहे हैं. स्थिति को फिलहाल नियंत्रण में और स्थिर बताया जा रहा है. धमाके के तुरंत बाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई. इस घटना के बाद साहिना मुमताज खान (जो उस समय घटनास्थल के पास ही मौजूद थीं) ने आरोप लगाया कि इस हमले का मुख्य निशाना वही थीं. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब वहां सुरक्षा बल तैनात थे, तो पोलिंग बूथ के इतने करीब ऐसी घटना कैसे हो गई.

पीड़िता ने बताई आपबीती

वोटिंग से पहले बुधवार को मुर्शिदाबाद में कथित तौर पर हुए बम धमाके की घटना के पीड़ितों में से एक ने कहा, "कल रात करीब 8 बजे मैं नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकली थी। मैं खड़ी थी। तभी दो लड़के आए और मेरे पैरों के पास एक बम फेंक दिया। यह काम हुमायूं कबीर की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया है।'