वाराणसी में मस्जिद पर पुलिस का एक्शन! 3 लाउडस्पीकर उतरवाकर किए सीज
Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ध्वनि प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के नूर नगर स्थित नोमानिया मस्जिद में निर्धारित मानकों से अधिक लाउडस्पीकर लगे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों लाउडस्पीकर उतरवा दिए और उन्हें जब्त कर सीज कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे बजरडीहा चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे को मस्जिद में मानकों के विपरीत लाउडस्पीकर लगाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में तीन लाउडस्पीकर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
मस्जिद कमेटी को दी गई नियमों की जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों को शासन के निर्देशों और उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित संख्या और ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और न्यायालय के निर्देशों का पालन कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान इलाके में शांति व्यवस्था बनी रही।