पांडव कुमार हत्याकांड पर सियासत तेज: सांसद मनोज तिवारी समेत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से की मुलाकात, कड़ी कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तम नगर स्थित दिवंगत पांडव कुमार के घर जाकर उनके माता-पिता और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान नेताओं ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
“पूर्वांचल समाज के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं”
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था और सामाजिक ढांचे में पूर्वांचल समाज की अहम भूमिका है। उन्होंने साफ कहा कि बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए मेहनतकश लोगों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस पर कार्रवाई की मांग
वहीं सांसद कमलजीत सहरावत ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से मांग की कि आरोपी पुलिसकर्मी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
मुआवजा और मदद का ऐलान
इस मामले में बिहार की एनडीए सरकार द्वारा पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी सामने आई। साथ ही मनोज तिवारी ने निजी तौर पर भी परिवार को आर्थिक सहयोग दिया।
इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय नेता भी शामिल रहे।
पांडव कुमार की मौत के बाद लगातार राजनीतिक बयानबाजी तेज है। अब नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या निष्कर्ष सामने आता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।