देश के तीन राज्यों में मतदान: असम और पुडुचेरी शांत, केरल में पत्थरबाजी से सुरक्षा पर उठे सवाल

Assam Election 2026: असम विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में शाम 5 बजे तक 84.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है.
 

Assam Election 2026: असम, केरलम और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान संपन्न हो गया. आज 5.3 करोड़ से अधिक वोटर हजारों बूथ पर दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में सरकारों की किस्मत का फैसला करने के लिए वोट डाला.

वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई और देर शाम तक चली. इन राज्यों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए चुनाव आयोग की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे. सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

इन राज्यों में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह था. कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी.

एक ही फेज में होने वाले चुनाव में केरलम की 140, असम की 126 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग है. चुनाव आसानी से हो इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वेबकास्टिंग और लॉजिस्टिकल इंतजाम किए गए थे.

असम में मुकाबला मुख्य रूप से दो-तरफा है, जिसमें बीजेपी की अगुवाई वाला एनडीए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरा कार्यकाल चाहता है.

गौरव गोगोई की अगुवाई वाली कांग्रेस की अपोजिशन को एक दशक बाद सत्ता वापस पाने की उम्मीद है. केरलम की 140 सीटों पर लगातार जीत और वापसी के बीच मुकाबला है.

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट, कांग्रेस की लीडरशिप वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को चुनौती देते हुए लगातार तीसरी बार जीत हासिल करना चाहती है.

पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में 1,099 पोलिंग स्टेशनों पर करीब 9.5 लाख वोटर 294 उम्मीदवारों में से चुनेंगे. तीनों राज्यों में आज होने वाली वोटिंग का नतीजा 4 मई को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों के साथ आएगा.