दिल्ली में ‘पावर शिफ्ट’! नीतीश कुमार को मिला VVIP टाइप-8 बंगला, दिग्गजों के बीच नया ठिकाना
इस हाई-प्रोफाइल इलाके में उनके पड़ोस में अमित शाह, राहुल गांधी और चिराग पासवान जैसे बड़े नेताओं के आवास पहले से मौजूद हैं। ऐसे में नीतीश कुमार का यहां शिफ्ट होना उनके बढ़ते राष्ट्रीय कद का संकेत माना जा रहा है।
कामराज लेन से सुनहरी बाग तक का सफर
इससे पहले नीतीश कुमार 6, कामराज लेन स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्हें अब यह नया और अधिक सुविधाओं से लैस आवास दिया गया है। साथ ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था को भी अपग्रेड करते हुए पूरे देश में CRPF की Z+ श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
क्या होता है टाइप-8 बंगला?
लुटियंस दिल्ली में टाइप-1 से लेकर टाइप-8 तक सरकारी आवास की श्रेणियां हैं, जिनमें टाइप-8 सबसे ऊंची श्रेणी मानी जाती है। करीब 8,000 से 8,500 वर्ग फुट में फैले इन बंगलों में कई बेडरूम, विशाल लिविंग एरिया, स्टडी रूम, गार्डन और हाई-लेवल सिक्योरिटी सिस्टम मौजूद होता है।
किन्हें मिलता है ऐसा आवास?
टाइप-8 बंगले आमतौर पर देश के शीर्ष नेताओं और उच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों को दिए जाते हैं। केंद्रीय मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के जज, पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ सांसद इस श्रेणी में आते हैं।
इस आवंटन के साथ ही नीतीश कुमार का दिल्ली में नया ठिकाना न सिर्फ सुविधाओं के लिहाज से खास है, बल्कि यह उनके सियासी सफर के नए पड़ाव का भी संकेत दे रहा है।