UP चुनाव 2027 की तैयारी तेज! BJP 22 जुलाई को 403 विधानसभा सीटों पर करेगी बूथ टेस्ट, CM योगी भी संभालेंगे मोर्चा
UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब अपने सबसे मजबूत संगठनात्मक आधार बूथ स्तर को परखने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है। इन सम्मेलनों के जरिए बूथ अध्यक्षों की सक्रियता, संगठनात्मक तैयारी और चुनावी क्षमता का आकलन किया जाएगा।
पार्टी ने इस पूरे अभियान की जिम्मेदारी नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को सौंपी है। वहीं, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक बनाया गया है।
बूथ अध्यक्षों की होगी औचक परीक्षा
भाजपा इस सम्मेलन को केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि संगठन की वास्तविक समीक्षा के तौर पर देख रही है। सम्मेलन में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के लिए बूथ नंबर के अनुसार सीट निर्धारित होगी। मंच से किसी भी बूथ अध्यक्ष को बुलाकर बूथ प्रबंधन और संगठन से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। उनके जवाब के आधार पर उनकी सक्रियता और तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा।
जो बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में अनुपस्थित रहेंगे या अपेक्षित स्तर पर सक्रिय नहीं पाए जाएंगे, उनकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी। पार्टी जरूरत पड़ने पर ऐसे पदाधिकारियों में बदलाव भी कर सकती है।
CM योगी समेत शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद
भाजपा के इस मेगा अभियान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर की लहरपुर विधानसभा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली शहर, ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर की जलालाबाद विधानसभा, धर्मपाल सिंह वाराणसी, जबकि भूपेंद्र चौधरी और स्वतंत्र देव सिंह भी अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
23 जुलाई को गोरखपुर को मिलेगी बड़ी सौगात
गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन यानी 23 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के ट्रांसपोर्ट नगर–पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। करीब 2.6 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर गोरखपुर का पहला और सबसे लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर है, जो हाल ही में बनकर तैयार हुआ है।
भाजपा का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाकर चुनावी तैयारियों को धार दी जाएगी। ऐसे में 22 जुलाई का बूथ सम्मेलन पार्टी के लिए संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।