प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा संकल्प, अंतिम क्षण तक देश और जनता की सेवा...जानिए PM MODI ने क्या कहा?
Bhildi (Gujarat): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित जनसभा से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह जीवन के अंतिम क्षण तक देश की जनता की सेवा में जुटे रहेंगे। प्रधानमंत्री का यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हालिया टिप्पणी के बाद आया है। इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का जिक्र करते हुए विपक्ष पर देश में खाद और रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलाने तथा लोगों में डर पैदा करने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश संकट की स्थिति से एकजुट होकर मुकाबला कर रहा है, लेकिन कुछ लोगों को भारत की प्रगति पसंद नहीं आ रही है। किसान, युवा और महिलाएं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रहे हैं, जबकि विपक्ष संकट के समय भी राजनीतिक लाभ तलाशने में जुटा है।
'मोदी आखिरी सांस तक जनता की सेवा करता रहेगा'
दुर्भाग्य से कुछ लोगों को विकास करता हुआ भारत अच्छा नहीं लग रहा है। ये ऐसे लोग हैं, जो देश को मुश्किल में देखना चाहते हैं। जब देश पर संकट आता है, तो इनको खुशी मिलती है। इसका ताजा उदाहरण है, ईरान और खाड़ी देशों के आस पास चल रहे युद्ध। इस दौरान भारत जब एकजुट होकर इसका सामना करने में जुटा था, तब ये लोग अफवाहें फैला रहे थे। किसानों को खाद के लिए डराया गया। बहनों को डराया गया कि अब गैस नहीं मिलेगी। इनका प्लान देश में अफरा-तफरी फैलाने का था, ताकि ये मोदी को बदनाम कर सकें। मैंने कहा था कि मोदी आपके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। देखिए, यह युद्ध आज भी चल रहा है, लेकिन मोदी ने किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी। - पीएम श्री @narendramodi पूरा देखें: https://t.co/fpcAl8igj9
— BJP (@BJP4India) October 30, 2026
भीलड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ''मैं जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेवा में ही जुटा रहूंगा।'' उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी देश किसी चुनौती का सामना करता है, कुछ लोग उसमें भी खुशी तलाशने लगते हैं।
मोदी ने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच विपक्ष ने खाद की उपलब्धता और रसोई गैस को लेकर लोगों में घबराहट फैलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुश्किल वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद किसानों और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।
यूरिया 3000 रुपये का, किसानों को 300 रुपये से भी कम में
प्रधानमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए खाद की कीमतों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया के एक बोरे की कीमत करीब 3,000 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि भारतीय किसानों को यह 300 रुपये से भी कम में उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी तरह डीएपी खाद की अंतरराष्ट्रीय कीमत 5,000 रुपये से अधिक होने के बावजूद भारतीय किसानों को इसका एक बोरा 1,350 रुपये में मिल रहा है। मोदी ने कहा कि वैश्विक बाजार में कीमतें बढ़ने का अतिरिक्त बोझ सरकार खुद उठा रही है, ताकि किसानों पर इसका असर न पड़े।
किसानों के लिए सरकारी योजनाओं में 50 लाख करोड़ से अधिक का लाभ
प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है या उनकी इतनी बचत हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 2019 में हुई थी। इसके तहत अब तक छोटे किसानों के खातों में करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं। शुक्रवार को योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए करीब 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई।
एमएसपी से किसानों को मिले 24 लाख करोड़ रुपये
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने किसानों की आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान की खेती करने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) व्यवस्था के तहत करीब 24 लाख करोड़ रुपये मिले हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पिछले 10 से 12 वर्षों में किसानों को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया गया है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की बढ़ती कीमतों से किसानों को बचाने के लिए सरकार ने करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
14 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के दौरान बनासकांठा जिले के भीलड़ी पहुंचे थे। यहां उन्होंने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही करीब 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की गई। कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की जगह चारपाइयों की व्यवस्था की गई थी। प्रधानमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए इसे अपनी सबसे बड़ी चारपाई सभाओं में से एक बताया।
हर्ष संघवी ने कहा- मोदी और जनता का रिश्ता कोई नहीं तोड़ सकता
प्रधानमंत्री से पहले गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के 140 करोड़ लोगों का प्रेम और समर्थन हासिल है। कांग्रेस या उसके सहयोगी दल इस रिश्ते को नहीं तोड़ सकते।
संघवी ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' का नारा बनासकांठा से लेकर कश्मीर और कन्याकुमारी तक गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तब तक काम करते रहेंगे, जब तक भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नहीं हो जाता और आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा नहीं हो जाता।