रघुबर दास ने ओडिशा के 26वें राज्यपाल के रुप में ली शपथ, उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने दिलायी शपथ

 

ओडिशा के 26वें राज्यपाल के तौर पर रघुबर दास ने मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना राष्ट्रपति भवन से आए नए राज्यपाल के नियुक्त पत्र का वाचन किया। इसके बाद ओडिशा हाईकोर्ट के मुख्य न्ययाधीश जस्टिस विद्युत रंजन षड़ंगी ने शपथ पाठ करायी। इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान एवं ओडिशा सरकार के मंत्री उपस्थित थे। इसके साथ ही राज्यपाल के साथ आए अतिथि भी शपथ समारोह में शामिल हुए शपथ ग्रहण करने के बाद राज्यपाल को राजभवन में गार्ड ऑफ आनर दिया गया।

इससे पहले ओडिशा के नव नियुक्त राज्यपाल रघुबर दास अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज तड़के लिंगराज मंदिर में जाकर महाप्रभु लिंगराज का दर्शन करने के साथ पूजा-अर्चना की। लिंगराज महाप्रभु का दर्शन कर बाहर निकले नव नियुक्त राज्यपाल ने कहा कि हमने महाप्रभु से ओडिशा के विकास एवं समृद्धि की कामना की है। देश एवं राज्य के सुख समृद्धि के लिए लिंगराज भगवान से प्रार्थना की है।