बंगाल में रिकॉर्ड शुरुआत: 4 घंटे में 41% मतदान, मुर्शिदाबाद-सिलीगुड़ी में तनाव, तमिलनाडु में वोटर्स उत्साहित...
West Bengal and Tamil Nadu Election Voting: आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव का दिन है. तमिलनाडु की सभी 234 सीट पर वोटिंग सुबह सात बजे से ही जारी है. वहीं पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण के तहत वोट डाले जा रहे हैं. बंगाल चुनाव के पहले चरण में जनता 1478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी. पश्चिम बंगाल में जहां टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला है वहीं तमिलनाडु में भी डीएमके की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी के एनडीए के बीच मुकाबला है. दोनों ही राज्यों में सुबह से मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस के ही दो गुट आपस में भिड़ गए. यह विवाद इतना बढ़ गया कि राज्य के निवर्तमान मंत्री ताज़मुल हुसैन के पैतृक गांव बांगरुआ (बूथ संख्या 200 और 201) में टीएमसी के एक चुनावी कैंप ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की गई. हरिश्चंद्रपुर-I ब्लॉक पंचायत समिति में टीएमसी के नेता स्वपन अली ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मंत्री ताज़मुल हुसैन और उनके समर्थक खुलेआम कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं. स्वपन अली का आरोप है कि मंत्री के ही निर्देश पर उनके समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर टीएमसी के कैंप ऑफिस पर हमला किया, पार्टी के झंडे फाड़े और बैनरों को क्षतिग्रस्त कर दिया.