यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, 8 सितंबर से आवेदन शुरू
UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। योगी सरकार के कार्यकाल में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 1,936 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की गई है। सहायक आचार्य पद के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को OTR प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। निर्धारित शैक्षिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे।
7 अक्टूबर तक जमा होगा आवेदन शुल्क
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
19 और 20 नवंबर को होगी लिखित परीक्षा
सहायक आचार्य के 1,936 पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।
आवेदन से पहले विज्ञापन पढ़ने की सलाह
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका ध्यानपूर्वक पढ़ लें। इसमें शैक्षिक योग्यता, विषयवार पदों का विवरण, आयु सीमा, आरक्षण, आवेदन प्रक्रिया और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी दी गई है।
आयोग के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विज्ञापित पदों की अर्हता और पात्रता के संबंध में अलग से व्यक्तिगत परामर्श उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले सभी नियम और शर्तों को अच्छी तरह समझ लेने की सलाह दी गई है।
उच्च शिक्षा क्षेत्र में भी बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
प्रदेश में विभिन्न विभागों और संस्थानों में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। सहायक आचार्य के 1,936 पदों पर होने वाली भर्ती से उच्च शिक्षा क्षेत्र में योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।