रेखा गुप्ता सरकार की बड़ी सौगात: 1 अगस्त से शुरू होगी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’, हर महीने मिलेंगे ₹2,500
New Delhi: दिल्ली सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार, 1 अगस्त से बहुप्रतीक्षित ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत करेंगी। इसी दिन योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिसके साथ पात्र महिलाओं के आवेदन भी शुरू हो जाएंगे। सरकार का लक्ष्य रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में भेजने का है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 11 बजे गीता कॉलोनी स्थित डीएम कार्यालय (पूर्व) में आयोजित कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ करेंगी। इस दौरान वह स्वयं कुछ पात्र महिलाओं का ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगी। इसके बाद सभी पात्र महिलाएं पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी।
हर महीने मिलेगी ₹2,500 की आर्थिक सहायता
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। अनुमान है कि इस योजना से 17 लाख से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
रक्षाबंधन तक पहली किस्त देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार महिलाओं से किया गया अपना वादा पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी पात्र आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त जारी करने की तैयारी की गई है। उन्होंने पात्र महिलाओं से अपील की कि वे समय पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।
ऑनलाइन और पारदर्शी होगी पूरी प्रक्रिया
सरकार के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है ताकि लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके। डिजिटल सत्यापन प्रणाली के जरिए आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाया गया है, जिससे पात्र महिलाओं तक सहायता राशि समय पर पहुंचाई जा सके।
दिल्ली सरकार का कहना है कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार को उम्मीद है कि यह योजना लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।