प्रवासी मजदूरों को राहत: दिल्ली में 5 किलो गैस सिलेंडर की उपलब्धता दोगुनी, अब कैंप लगाकर होगा वितरण

 
New Delhi: राजधानी में प्रवासी मजदूरों को रसोई गैस के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडरों की उपलब्धता दोगुनी कर दी है, जिससे अब जरूरतमंदों तक गैस आसानी से पहुंच सकेगी।

भारत सरकार की मंजूरी के बाद 7 अप्रैल 2026 से दिल्ली में इन छोटे सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता 684 से बढ़ाकर 1,368 कर दी गई है। इस फैसले का सीधा फायदा प्रवासी मजदूरों को मिलेगा, जो अक्सर गैस सिलेंडर की कमी से जूझते हैं।

अब इलाके में ही मिलेंगे सिलेंडर
सरकार ने निर्देश दिया है कि जहां प्रवासी मजदूरों की संख्या ज्यादा है, वहां विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के जरिए मजदूरों को उनके क्षेत्र में ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

सरल प्रक्रिया, आसान सुविधा
तेल विपणन कंपनियों और अधिकृत वितरकों के सहयोग से लगाए जाने वाले इन कैंपों में मजदूर आधार कार्ड दिखाकर सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

पारदर्शिता पर खास जोर
पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला स्तर पर टीमें तैनात की गई हैं, जो मांग का आकलन और वितरण की प्रक्रिया पर नजर रखेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद गैस सुविधा से वंचित न रहे।

इस पहल को प्रवासी मजदूरों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे उन्हें समय पर सस्ता और सुलभ रसोई ईंधन मिल सकेगा।