बंगाल में अमेरिका जैसी सड़कें! गडकरी का 1 लाख करोड़ का ऐलान, राफेल के लिए भी बनेगी सड़क?

पश्चिम बंगाल में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की है. उन्होंने अगले पांच वर्षों में बंगाल की सड़कें अमेरिका जैसी बनाने का लक्ष्य रखा. कोलकाता में 14 हजार करोड़ रुपये से रिंग रोड और सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर लंबे रिंग रोड की योजना भी सामने आई है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में ऐसी सड़कें बनाने की मांग की, जिन पर आपात स्थिति में लड़ाकू विमान भी उतर सकें.
 

Kolkata: पश्चिम बंगाल में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अगले पांच वर्षों में बंगाल की सड़कों को अमेरिका जैसी बनाने का लक्ष्य रखा है। गुरुवार को पूर्व मेदिनीपुर के कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने राज्य के लिए एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की।

गडकरी ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं होने दी जाएगी। राज्य में पहले से ही 35 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके अलावा कोलकाता में रिंग रोड निर्माण के लिए 14 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।

8,700 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें कई जिलों में पुलों और सड़कों का निर्माण शामिल है।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से बंगाल में उद्योग, कारोबार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। नए टाउनशिप विकसित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। गडकरी के मुताबिक, राज्य में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं।

बंगाल की सड़कों पर उतर सकेंगे राफेल जैसे लड़ाकू विमान!

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सड़क निर्माण को लेकर एक खास मांग रखी। उन्होंने असम के मोरान बाइपास पर राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि बंगाल में भी ऐसी सड़कें बनाई जानी चाहिए, जिनका इस्तेमाल आपात स्थिति में लड़ाकू विमानों की लैंडिंग के लिए किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने खासतौर पर उत्तर बंगाल की सामरिक स्थिति को देखते हुए इस दिशा में काम करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर देश की सुरक्षा और पूर्वोत्तर राज्यों की कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

सिलीगुड़ी में बनेगा 116 किलोमीटर लंबा रिंग रोड

उत्तर बंगाल को लेकर भी बड़ी घोषणा की गई है। सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के निर्माण की योजना सामने रखी गई है। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश के साथ संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

जमीन और मंजूरी देने में सहयोग करेगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्र की घोषणाओं का स्वागत किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने और जरूरी मंजूरियों की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

गौरतलब है कि नितिन गडकरी इससे पहले भी भारत की सड़कों को अमेरिका के बराबर बनाने का लक्ष्य जाहिर कर चुके हैं। अब बंगाल के लिए भी उन्होंने अगले पांच वर्षों में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क विकसित करने का भरोसा दिया है।