सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नथवानी की पत्नी के पास 264 करोड़ की संपत्ति, हलफनामे में सामने आया पूरा ब्योरा
UP News: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे ने नथवानी परिवार की संपत्ति को लेकर भी तस्वीर साफ कर दी है। दस्तावेज के मुताबिक, धनराज नथवानी की कुल संपत्ति करीब 105.41 करोड़ रुपये है, जबकि उनकी पत्नी भूमि नथवानी के नाम इससे ढाई गुना से भी ज्यादा यानी करीब 264.68 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है।
दोनों की कुल चल-अचल संपत्ति करीब 370.09 करोड़ रुपये बताई गई है। हलफनामे में नकदी, बैंक बैलेंस, ज्वैलरी, कर्ज और आय से जुड़ी कई जानकारियां भी दी गई हैं।
धनराज से ज्यादा संपत्ति पत्नी के नाम
नामांकन के दौरान दिए गए विवरण के अनुसार धनराज नथवानी के पास 77.74 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 27.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 105 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है।
वहीं उनकी पत्नी भूमि नथवानी के नाम 211.09 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 53.59 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। दोनों आंकड़ों को मिलाने पर भूमि की कुल संपत्ति करीब 264.68 करोड़ रुपये होती है।
ज्वैलरी में भी बड़ा अंतर
हलफनामे में नथवानी दंपति की ज्वैलरी का ब्योरा भी सामने आया है। धनराज नथवानी के नाम करीब 1.62 लाख रुपये की ज्वैलरी दर्ज है।
इसके मुकाबले उनकी पत्नी भूमि नथवानी के पास करीब 8.53 करोड़ रुपये की ज्वैलरी बताई गई है। यानी परिवार की कुल संपत्ति में ज्वैलरी का हिस्सा भी काफी बड़ा है।
बैंक में कितनी रकम और कितना कर्ज?
धनराज नथवानी के पास नकद के तौर पर करीब 1.06 लाख रुपये हैं, जबकि भूमि नथवानी के पास 34,800 रुपये कैश दर्ज है।
हलफनामे के अनुसार धनराज के नाम करीब 2.59 करोड़ रुपये का बैंक लोन है। वहीं उनकी पत्नी भूमि नथवानी के नाम करीब 17.67 लाख रुपये का कर्ज दर्ज है।
नथवानी दंपति के दो बेटों का भी हलफनामे में उल्लेख है। बेटे शिवान के बैंक खाते में करीब 1.95 करोड़ रुपये, जबकि कृष्णा के बैंक खाते में करीब 1.19 करोड़ रुपये का बैलेंस बताया गया है।
भूमि नथवानी ने दाखिल किया 1.48 करोड़ का ITR
हलफनामे में आयकर से जुड़ी जानकारी भी दी गई है। इसके मुताबिक भूमि नथवानी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 1.48 करोड़ रुपये का एडवांस आईटीआर दाखिल किया है।
संपत्ति के इन आंकड़ों के सामने आने के बाद धनराज नथवानी के राज्यसभा नामांकन के साथ उनकी पारिवारिक वित्तीय स्थिति भी चर्चा में आ गई है।
रिलायंस ग्रुप से जुड़ा है नथवानी परिवार
धनराज परिमल नथवानी का संबंध देश के बड़े कारोबारी परिवार से है। वह रिलायंस ग्रुप से जुड़े हुए हैं। उनके पिता परिमल नथवानी भी राज्यसभा सांसद हैं और हाल ही में झारखंड से राज्यसभा पहुंचे हैं।
धनराज नथवानी का कारोबारी क्षेत्र के साथ-साथ खेल प्रशासन में भी जुड़ाव रहा है।
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं धनराज
धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष भी हैं। नवंबर 2022 में उन्हें इस पद पर सर्वसम्मति से चुना गया था। इससे पहले वह GCA में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से जुड़ी कोर टीम में भी उनकी भूमिका बताई जाती है।
अब राज्यसभा की सियासत में नई पारी
समाजवादी पार्टी ने धनराज नथवानी को यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। कारोबारी पृष्ठभूमि, रिलायंस ग्रुप से जुड़ाव और गुजरात क्रिकेट प्रशासन में भूमिका के बाद अब उनका नाम सक्रिय राजनीति के राष्ट्रीय मंच से जुड़ गया है।
नामांकन के साथ सामने आए हलफनामे ने उनकी संपत्ति और पारिवारिक वित्तीय स्थिति का विस्तृत ब्यौरा भी सार्वजनिक कर दिया है।