स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मुख्यमंत्री का आदेश, स्कूली बच्चे नहीं होंगे परेड का हिस्सा
Kolkata: पश्चिम बंगाल में स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने निर्देश दिया है कि इस वर्ष 15 अगस्त को आयोजित होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड में स्कूली छात्र हिस्सा नहीं लेंगे. हालांकि, कॉलेज के छात्रों को परेड में भाग लेने की अनुमति दी गई है. सरकार का कहना है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
एक घंटे से अधिक नहीं चलेगा समारोह
नबन्ना में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सूचना एवं संस्कृति विभाग को निर्देश दिया कि स्कूली छात्र समारोह देखने आ सकते हैं, लेकिन उन्हें परेड या अन्य गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाएगा. साथ ही यह भी कहा गया कि पूरा कार्यक्रम एक घंटे से अधिक नहीं चलना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्त में लगातार बारिश की संभावना रहती है. यदि बच्चे बारिश में भीगते हैं तो उनके बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए उन्हें परेड में शामिल नहीं किया जाएगा.
पिछले साल बारिश और गर्मी से बीमार पड़े थे छात्र
सरकार के अनुसार, पिछले वर्ष रेड रोड पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बारिश में भीगने से कई स्कूली छात्र बीमार हो गए थे. वहीं, परेड अभ्यास के दौरान भीषण गर्मी के कारण भी कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई थी. इन्हीं घटनाओं को देखते हुए इस बार यह निर्णय लिया गया है.
16 अगस्त को मनाया जाएगा आयुष्मान भारत दिवस
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 16 अगस्त को नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयुष्मान भारत दिवस आयोजित किया जाएगा. इसी अवसर पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का औपचारिक शुभारंभ भी किया जाएगा.
सभी नागरिकों को मिलेगा स्वास्थ्य बीमा का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आयुष्मान भारत योजना के दायरे में नहीं आते हैं, उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत शामिल किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य का कोई भी नागरिक इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करे, यह सरकार की प्राथमिकता है.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए.