रामपुर में सनसनीखेज हत्याकांड, मोहम्मद शरीफ की मौत से पुलिस महकमे में हलचल

उत्तर प्रदेश के रामपुर में CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने मोहम्मद शरीफ को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.
 

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2007 के CRPF कैंप हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। गोली लगने से शरीफ घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

इस घटना ने करीब 19 साल पुराने CRPF कैंप हमले के मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। मोहम्मद शरीफ का नाम इसी हमले की जांच के दौरान सामने आया था। हालांकि, बाद में अदालत में चली लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे गंभीर आरोपों से राहत मिल गई थी।

31 दिसंबर 2007 को CRPF कैंप पर हुआ था हमला

रामपुर में 31 दिसंबर 2007 की रात CRPF कैंप को निशाना बनाकर हमला किया गया था। इस घटना में सात CRPF जवानों और एक रिक्शा चालक की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए थे। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

मामले की जांच के दौरान मोहम्मद शरीफ समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। इसके बाद इस केस में लंबी सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया चली।

ट्रायल कोर्ट ने सुनाई थी फांसी की सजा

इस मामले में रामपुर की ट्रायल कोर्ट ने नवंबर 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, इस फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।

29 अक्टूबर 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जांच में गंभीर खामियां पाते हुए हत्या और आतंकी हमले समेत गंभीर आरोपों में सभी पांच आरोपियों को बरी कर दिया था। हालांकि, शस्त्र अधिनियम के तहत उनकी सजा बरकरार रखी गई थी।

नवंबर 2025 में जेल से रिहा हुआ था शरीफ

हाईकोर्ट के फैसले के बाद मोहम्मद शरीफ नवंबर 2025 में जेल से बाहर आ गया था। उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

अब रामपुर में शरीफ पर हुए गोलीकांड के बाद पुलिस नए सिरे से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।