17 सितंबर से यूपी में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 20 यात्राएं और ‘सेवा सेतु’ से जुड़ेंगे पात्र; योगी बोले- तप और संघर्ष से मोदी ने बनाई पहचान
UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनकी 25 साल की सार्वजनिक सेवा यात्रा को केंद्र में रखते हुए उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की पूरी रूपरेखा साझा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संघर्ष, शासन और देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी को न तो कोई राजनीतिक विरासत मिली और न ही वंश परंपरा का सहारा था। उनके मुताबिक, मोदी ने तप, साधना और लंबे संघर्ष के जरिए अपनी पहचान बनाई और आज उनकी सेवा यात्रा का लाभ देश को मिल रहा है।
पीएम के जन्मदिन पर हर गांव-शहर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन को प्रदेशभर में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और प्रमुख प्रतिष्ठानों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। भाजपा के साथ युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी विभिन्न सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे।
बड़नगर-काशी के बीच निकलेंगी 20 यात्राएं
अभियान का एक प्रमुख हिस्सा बड़नगर और काशी के बीच प्रस्तावित यात्राएं होंगी। दोनों दिशाओं में 10-10 यात्राएं यानी कुल 20 यात्राएं निकाली जाएंगी।
बड़नगर से निकलने वाली यात्राएं काशी पहुंचेंगी और वहां से उत्तर प्रदेश की 10 प्रमुख नदियों का जल लेकर यात्राएं गुजरात के बड़नगर जाएंगी। सभी यात्राएं 17 सितंबर को शुरू होंगी और 7 अक्टूबर को अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचेंगी। यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन चार स्थानों पर चौपाल और जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘सेवा सेतु’ से सरकारी योजनाओं से जोड़े जाएंगे वंचित पात्र
योगी सरकार अभियान के दौरान उन लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर देगी, जो पात्र होने के बावजूद अब तक योजनाओं से नहीं जुड़ पाए हैं। इसके लिए ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, 29 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंडों और जिला मुख्यालयों के नगर निकायों में कई दिनों तक शिविर चलेंगे। इनमें पेंशन, आवास, शौचालय, राशन कार्ड और स्वास्थ्य समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि सत्यापन के बाद जल्द से जल्द लाभ दिलाना है। प्रदेश में 826 विकासखंड और 762 नगर निकाय हैं। जरूरत के अनुसार अभियान को दो चरणों में भी संचालित किया जा सकता है।
छात्रों के लिए चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता
‘सेवा संकल्प अभियान’ में स्कूली बच्चों से लेकर विश्वविद्यालय के छात्रों तक को जोड़ा जाएगा। कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, कक्षा 9 से 12 तक के लिए निबंध और विश्वविद्यालय-महाविद्यालय स्तर पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इन प्रतियोगिताओं की थीम ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। गांव से लेकर जिला स्तर तक चयनित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे, जबकि 7 अक्टूबर के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सफाई से लेकर रक्तदान और गोसेवा तक होंगे कार्यक्रम
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान भी चलेगा। इसके तहत मलिन बस्तियों, घाटों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।
इसके साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गोसेवा और युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
तकनीकी युवाओं के लिए ‘इनोवेशन चैलेंज’
आईटीआई, पॉलिटेक्निक, विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और स्टार्टअप को जोड़ते हुए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा। इसमें ड्रोन, रोबोटिक्स और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले युवा और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
योगी ने दावा किया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से ज्यादा हो चुकी है। अभियान के दौरान इनोवेशन और तकनीकी प्रतिभाओं को मंच देने पर भी जोर रहेगा।
‘सुशासन सेवा संवाद’ और रंगोली प्रतियोगिता भी
अभियान के तहत ‘राष्ट्र के रंग, सेवा के रंग और राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके अलावा पंचायत और नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों के साथ ‘सुशासन सेवा संवाद’ आयोजित करने की योजना है।
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा में अंत्योदय और ग्राम स्वराज की भावना को भी स्थान दिया गया है।
राजीव गांधी के बयान का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस कथन का जिक्र किया, जिसमें दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में से केवल 15 रुपये गरीब तक पहुंचने की बात कही गई थी।
योगी ने कहा कि जनधन खातों और डीबीटी जैसी व्यवस्थाओं के जरिए अब सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में अर्थव्यवस्था, सड़क, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास का भी उल्लेख किया।
‘2014 के बाद विरासत और विकास साथ-साथ आगे बढ़े’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश ने अपनी विरासत और सांस्कृतिक पहचान को नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर और कुंभ जैसे उदाहरण देते हुए कहा कि विरासत और विकास को एक साथ आगे बढ़ाया गया है।
योगी ने केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि देश में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए हैं और उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में लोगों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला, बिजली, राशन और पेयजल जैसी योजनाओं का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव और बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, विकासखंड, जिला और प्रदेश स्तर तक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को होगा।