गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में दो इनामी शूटर ढेर

 

 

UP News: शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल दो संदिग्ध शूटरों को सोमवार को शामली कोतवाली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लगी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जमीन को किसी भी आपराधिक गिरोह की गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के बाहर, जेल या विदेश से बैठकर आपराधिक साजिश रचने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का दावा

पुलिस के अनुसार, शामली कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान मोहित निवासी सोनीपत और सुमित निवासी कुंडली, सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मोहित पर हरियाणा में करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की आगे भी जांच की जा रही है।

मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की गोलीबारी में शामली स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और हेड कांस्टेबल प्रदीप भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज शामली के जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है।

पुलिस टीम को मिलेगा दो लाख का इनाम

डीजीपी राजीव कृष्ण ने हत्याकांड के खुलासे और कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के लिए दो लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अपराध और आपराधिक साजिश के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मामले से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच की जाएगी।

26 अगस्त को जिम के बाहर हुई थी हत्या

अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली कोतवाली क्षेत्र के नालापिरी इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, वह फिटनेस जिम से निकलकर अपनी कार में बैग रख रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।

घटना के बाद अंकित के पिता की शिकायत पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों को जांच में लगाया गया।

11 अधिकारियों की टीम ने खंगाले सुराग

हत्याकांड की जांच के लिए 11 अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल थे। जांच में एसटीएफ और मेरठ जोन के अधिकारियों ने भी सहयोग किया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल गतिविधियों, आरोपियों की आवाजाही, उनके ठिकानों, भुगतान और आपसी संपर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। ह्यूमन और टेक्निकल इंटेलिजेंस से मिले इनपुट को जोड़ने के बाद पुलिस ने मोहित और सुमित को कथित तौर पर हत्याकांड में शामिल शूटरों के रूप में चिन्हित किया।

एक गाने से जुड़े विवाद की भी जांच

पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान ने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ नामक गाने में अभिनय किया था। यह गाना यूट्यूब पर काफी चर्चित हुआ था। जांच में सामने आया कि इस गीत को लेकर अंकित को पहले भी धमकी मिली थी।

पुलिस का दावा है कि गाने को गोगी और टिल्लू गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देखा गया। अंकित ने कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद सफाई दी थी कि उन्होंने गीत में केवल अभिनय किया है। हालांकि, विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।

गोगी-टिल्लू गैंगवार का एंगल भी जांच में

पुलिस ने हत्याकांड की जांच के दौरान गोगी और टिल्लू गैंग के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी को भी जांच का हिस्सा बनाया है। 2021 में रोहिणी कोर्ट परिसर में जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या और उसके बाद 2023 में तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया की हत्या ने दोनों गुटों के बीच गैंगवार को और गहरा कर दिया था।

अंकित हत्याकांड में इसी पुरानी रंजिश और विवादित गाने के कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस की कार्रवाई के बावजूद मामले में अभी कई सवालों के जवाब तलाशे जाने बाकी हैं। हत्याकांड में शामिल अन्य शूटरों के अलावा कथित साजिशकर्ताओं और आरोपियों को पनाह देने वालों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में अब जांच की अगली कड़ी में यह पता लगाने पर जोर है कि अंकित बालियान की हत्या की पूरी साजिश किसने रची और वारदात में शामिल बाकी लोगों की भूमिका क्या थी।